बहादुरगढ़। अगर आप दिल के मरीज हैं तो इन दिनों अपने दिल का ख्याल रखें। सुबह और रात में ठंड के चलते यदि लापरवाही बरती तो दिल के मरीजों की दिक्कत बढ़ना तय है। बहादुरगढ़ में हार्ट अटैक से दो दिनों में दो लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें एक महिला व एक पुरुष शामिल हैं।
दोनों के शवों का शहर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने हार्ट के मरीजों को सर्दी के दिनों में दिल का ख्याल रखने की सलाह दी है। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि ठंड अधिक हो तो व्यायाम घर पर ही करें। गहरी नींद लें। सर्दी में ऑक्सीजन की कमी रहती है, जिससे रक्त वाहिनी संकरी हो जाती है।
इससे दिल के रोगियों की तकलीफ बढ़ जाती है। ब्लड प्रेशर सामान्य से कुछ ज्यादा रहता है, जो दिल के रोगियों के लिए परेशानी का सबसे बड़ा कारण है। जिन लोगों का कोलेस्ट्राॅल बढ़ा रहता है। उनके लिए यह मौसम खासा खतरनाक है। सर्दियों में हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा रहता है।
ऐसे में सांस फूलने की शिकायत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सांस फूलने की परेशानी फेफड़ों में इंफेक्शन के कारण भी हो सकती है। अगर अचानक सांस फूलने लगे तो डॉक्टर के पास जाना चाहिए।
ठंड में क्यों बढ़ता है रक्तचाप
- शारीरिक सक्रियता कम होने से रक्त का दाब बढ़ जाता है। इससे स्ट्रोक, हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट का खतरा बढ़़ जाता है।
- शरीर में कैटेकोलामिन हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो धड़कनों को बढ़ाकर उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) बढ़ा देता है।
- तापमान और उष्मा के स्तर को बनाए रखने के लिए शरीर के रक्त प्रवाह को रोकता है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है।
रक्तचाप पर कैसे करें काबू
- मीठा, नमकीन और खट्टा कम खाएं। सर्दियों में घर में दुबके न रहें, धूप सेकें।
- हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित होने पर अधिक ठंड में सुबह के समय दवा लेकर ही बाहर निकलें।
- संतुलित, पोशक और ताजा भोजन खाएं। शराब और कैफीन से बचें।