झज्जर। जिले की अनाज मंडियों में अब तक 31554.60 क्विंटल पीआर धान की आवक हो चुकी है। पिछले साल करीब ढाई हजार मीट्रिक टन पीआर धान की सरकारी खरीद हुई थी। इस बार खाद्य आपूर्ति विभाग को करीब 4500 मीट्रिक टन खरीद की उम्मीद है।
हालांकि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज बुआई के मुकाबले मंडियों में कम किसानों के पहुंचने पर मुख्यालय ने जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यालय से पत्र मिलने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने जिले में इसकी जांच शुरू कर दी है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की जानकारी के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार करीब सवा दो गुना अधिक क्षेत्र में पीआर धान की बुआई हुई है।
इसके बावजूद पोर्टल पर दर्ज बुआई के अनुपात में किसान फसल लेकर मंडियों में नहीं पहुंच रहे हैं। विभाग के अनुसार, फिलहाल जिले में ऐसी कोई विशेष परेशानी सामने नहीं आई है।
बाजरे की आवक 3.76 लाख क्विंटल से अधिक
जिले में बाजरे की फसल के लिए अब तक 12305 किसानों के गेट पास जारी हुए हैं। इनके माध्यम से 376576.40 क्विंटल बाजरे की आवक दर्ज की गई है। निजी खरीद जारी है। झज्जर मंडी में अब तक 147374 क्विंटल बाजरा खरीदा गया है, जिसमें से 116500 क्विंटल का उठान हो चुका है।
पीआर धान की खरीद 6337 क्विंटल पार
जिले की मंडियों में आए पीआर धान में से 164 किसानों की 10417 क्विंटल फसल की नीलामी हुई है। अब तक 109 किसानों से 6337.90 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसमें से 2681.30 क्विंटल का उठान हो चुका है।
झज्जर अनाज मंडी में शनिवार को 11000 क्विंटल धान की निजी खरीद हुई। 1509 और 1692 किस्म का मशीन से काटा गया धान 4000 से 4300 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका। हाथ से काटे गए धान के भाव 4300 से 4450 रुपये रहे। वहीं 1121 किस्म का धान 5000 से 5400 रुपये और 1718 किस्म का धान 4900 से 5200 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदा गया।
वर्जन
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज धान की बुआई और मंडियों में पहुंची फसल की आवक में अंतर को लेकर मुख्यालय से पत्र आया है। जिले में इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल झज्जर में ऐसी कोई परेशानी नहीं है। पिछले साल के मुकाबले इस बार अधिक फसल मंडियों में पहुंच चुकी है।
आदित्य कौशिक, डीएफएससी, झज्जर