बहादुरगढ़। गांव दुल्हेड़ा में बीते नवंबर माह में छत पर सो रहे दो व्यक्तियों पर जान से मारने की नीयत से किए गए जानलेवा हमले के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सदर थाना पुलिस प्रभारी रणधीर सिंह के मुताबिक, खेड़का गुर्जन निवासी ने शिकायत दी थी कि गत 3 नवंबर की रात वो और उसका भाई दुल्हेड़ा में अपनी दुकान की छत पर सो रहे थे। उसी दौरान गोयला निवासी संजीव और दुल्हेड़ा निवासी राहुल अपने साथियों सहित छत पर चढ़ आए। उनके साथ मारपीट करते हुए गोली चला दी, गनीमत रही की गोली नहीं लगी। एसएचओ ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में लगी हुई थी। इसी कड़ी में थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार की टीम ने एक आरोपी सुनील को उसके गांव गोयला से गिरफ्तार कर लिया है।