झज्जर। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आगामी 3 मई से 20 मई तक राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स रोहतक में झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत जिलों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें वर्ष 2021-22 के लिए सिपाही सामान्य ड्यूटी, सिपाही क्लर्क और स्टोर कीपर के पदों पर भर्ती होगी। भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण गत 4 मार्च से शुरू हो चुका है, जो 17 अप्रैल तक खुला रहेगा। इसके लिए एडमिट कार्ड पंजीकृत ई-मेल के माध्यम से 17 अप्रैल से भेजे जाएंगे।
सेना भर्ती अधिकारी रोहतक कर्नल रतनदीप खां ने बताया कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण वर्ष 2020-21 की भर्ती को रद्द कर दिया गया था। अब सेना भर्ती के लिए पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवारों को नई भर्ती के लिए दोबारा पंजीकरण करवाना होगा। सिपाही सामान्य ड्यूटी पद के लिए उम्मीदवारों का जन्म एक अक्तूबर 2000 से एक अप्रैल 2004 तक होना चाहिए। सिपाही क्लर्क और स्टोर कीपर श्रेणी के लिए उम्मीदवार का जन्म एक अक्तूबर 1998 से एक अप्रैल 2004 तक हुआ हो। उम्मीदवार भर्ती के लिए केवल एक श्रेणी के लिए ही आवेदन करने के योग्य होंगे। एक समय एक से अधिक रिहायशी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने और जन्मतिथि के साथ छेड़छाड़ करने वालों के आवेदन अस्वीकृत किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की वेबसाइट पर आगामी 17 अप्रैल तक भर्ती रैली के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते है।
कर्नल रतनदीप खां ने बताया कि भर्ती रैली के लिए ऑनलाइन पंजीकरण में यदि किसी उम्मीदवार को किसी प्रकार की समस्या हो रही है, वे आवेदन की निर्धारित तिथि समाप्त होने से पूर्व पांच अप्रैल के बाद सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। कुछ उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन को सफलतापूर्वक सबमिट नहीं करते ऐसे मामलों में सिस्टम में एडमिट कार्ड जारी नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन सफलतापूर्वक पूर्ण न करने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड पंजीकरण अवधि समाप्त होने के बाद जारी नहीं किए जाएगे व ऐसे उम्मीदवारों को भर्ती रैली में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती पूर्णतया योग्यता के आधार पर होती है, इसलिए कोई भी उम्मीदवार किसी भी व्यक्ति को भर्ती के नाम पर रिश्वत न दे। भर्ती की चयन प्रक्रिया सभी स्तरों पर पूर्णतया पारदर्शी है। सभी उम्मीदवार दलालों से सावधान रहें।