सेना में भर्ती होने के लिए आ रहे हजारों युवाओं में से मात्र पांच से सात प्रतिशत ही कसौटी पर खरे उतर रहे हैं। अधिकतर युवा दौड़ की चुनौती पार नहीं कर पा रहे हैं।
सोमवार को भी लिपिकों की भर्ती के लिए झज्जर के 6154 युवाओं में से केवल 334 ही दौड़ को पास कर पाए। यानी केवल 5.45 प्रतिशत युवा ही सफल हो सके।
भर्ती होने के लिए सोमवार को जिले के कुल 6786 युवा पुलिस लाइन में पहुंचे। इनमें से 104 युवाओं का कद पूरा नहीं था तो 528 दस्तावेजों की जांच में बाहर हो गए। दौड़ प्रतियोगिता में 6154 युवाओं ने भाग लिया।
रोहतक भर्ती कार्यालय द्वारा पुलिस लाइन में आयोजित कराई जा रही भर्ती प्रक्रिया के छठे दिन लिपिक वर्ग की भर्ती के लिए भी भारी संख्या में युवा पुलिस लाइन पहुंचे।
सुबह चार बजे ही पुलिस लाइन के बाहर झज्जर के युवाओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। सोमवार को हुई झज्जर जिले की भर्ती में दौड़ पास करने वाले युवाओं की संख्या बहुत ही कम रही।
6154 में से केवल 334 युवा दौड़ पार कर पाए। इससे पहले सामान्य सिपाही पद के लिए 30 अक्टूबर को हुई भर्ती के दौरान दौड़ में भी 4857 युवाओं में से केवल 586 युवा ही पास कर पाए थे।
मंगलवार को लिपिक व स्टोर कीपर की भर्ती के लिए टेस्ट होने हैं। रोहतक जिले के युवा मंगलवार को भर्ती में भाग ले सकेंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान करीब पांच हजार युवाओं के भाग लेने की संभावना है।
पत्थर लगने से युवक घायल
सोमवार अल सुबह युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए लाइन में लगकर पुलिस लाइन में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन के सामने खेतों में दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया।
एक गुट के युवक ने दूसरे पर पत्थर फेंका तो वो पत्थर लाइन में लगे एक युवक को जा लगा। इस घटना में युवक घायल हो गया।
रोहतक सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल राजन बक्शी ने बताया कि सेना की भर्ती के लिए झज्जर और रोहतक के युवाओं में उत्साह रहता है।
झज्जर से करीब पांच हजार युवाओं के भर्ती में आने की उम्मीद थी। भर्ती में इससे ज्यादा ही युवा भाग लेने पहुंचे।
तय मानकों के अनुसार करें तैयारी
कर्नल राजन बक्शी ने बताया कि युवा सेना के तय मानकों के अनुसार ही शारीरिक परीक्षा की तैयारी करें।
भर्ती में शामिल होने से पहले युवा दौड़ का अपना समय जरूर चेक करें। इससे उनकी सफलता का प्रतिशत यकीनी रूप से बढ़ेगा।
इतने ही पार कर पाए दौड़ की बाधा
रविवार को सोनीपत के 2969 युवाओं में से केवल 290 ही फिजिकल में पास हो पाए। वहीं, शनिवार को रोहतक के 3602 में से 349 युवक की दौड़ की बाधा पार कर सके।
शुक्रवार को सोनीपत के 2920 में से केवल 232 युवक ही फिजिकल टेस्ट पास कर सके। बृहस्पतिवार को झज्जर के लगभग 5500 में से 586 युवा शारीरिक परीक्षा पास कर सके।