झज्जर। केंद्र सरकार ने पलवल से सोहना-मानेसर-बादली-बहादुरगढ़-खरखौदा-सोनीपत हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी दे दी है। रेल कॉरिडोर की लंबाई 121.7 किलोमीटर होगी। परियोजना की अनुमानित लागत 5617 करोड़ है और इसे पांच साल में पूरा करने का प्रस्ताव है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश के विकास को तेज गति प्रदान करने के लिए रेल कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी देने पर खुशी प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री पीयूष गोयल का आभार प्रकट किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झज्जर, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, नूह, पलवल सहित आस-पास के जिले तरक्की की नई ऊंचाई छुएंगे और बादली क्षेत्र विकास कार्यों का हब बन कर उभरेगा।
धनखड़ ने कहा कि यह परियोजना एनसीआर के हरियाणा राज्य उप-क्षेत्र में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब विकसित करने में कारगर साबित होगी। इससे झज्जर जिले के साथ साथ कई अन्य जिलों के विकास को भी पंख लगना स्वाभाविक है। धनखड़ ने कहा कि परियोजना के पूरे होने पर इस क्षेत्र में हजारों लोगों रोजगार के अनेकों अवसर उपलब्ध होंगे। बता दें कि कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ हरियाणा ओर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विगत में कई बार रेल मंत्री से मुलाकात की थी। प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि हमारी सरकार ने लगभग दो दशक से रुके हुए केएमपी एक्सप्रेस-वे के कार्य को रिकॉर्ड समय में पूरा किया। बादली क्षेत्र के बाढसा में एम्स एट बाढ़सा, राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य करवाकर ईलाज शुरू करवाया। धनखड़ ने कहा कि बादली क्षेत्र में ढांचागत विकास और मूलभूत सुविधाओं की मजबूत नींव रखी गई । उनका निरंतर प्रयास है कि बादली क्षेत्र एनसीआर में विकास का हब बनकर उभरे।