संवाद न्यूज एजेंसी
बादली। कुंडली मानेसर पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्राला में पीछे दूसरे ट्राला की टक्कर हो गई जिसमें दो लोगों की मौत हुई है। दोनों मृतक ट्राले के चालक थे। पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
जानकारी के अनुसार बिहार मूल के निवासी सुधीर कुमार ने अपना ट्राला केएमपी के किनारे पर खड़ा किया था। जब वह ट्राला के टायरों में हवा जांच रहा था तो पीछे एक अन्य ट्राला आया और सड़क किनारे खड़े ट्राले के साथ जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में सुधीर कुमार दोनों ट्राला के बीच में फंसकर बुरी तरह से घायल हो गया। दूसरे ट्राले का चालक आजाद मोहम्मद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आजाद मोहम्मद उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
दोनों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। सुधीर कुमार को गुरूग्राम के निजी अस्पताल में ले जाया गया जबकि आजाद मोहम्मद को बहादुरगढ़ को सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। सुधीर कुमार ने कुछ घंटों बाद गुरुग्राम के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दी जिस पर परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों की पहचान की। बताया गया है कि दोनों ट्राला चालक गुरुग्राम की ओर जा रहे थे तो बादली टोल के बाद दोनों में टक्कर हो गई। पुलिस जांच अधिकारी विकास बोरा ने बताया कि दोनों के शव परिजनों को सौंपे गए ओर जांच शुरू कर दी है।