झज्जर। आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। बाद में तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा और बाल विकास अधिकारी झज्जर के माध्यम से विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।
आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने सरकार से अपील की है कि ऑनलाइन काम को बंद किया जाए, क्योंकि वर्कर इसे करने में असमर्थ हैं। आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स यूनियन सीटू की जिलाध्यक्ष बालेश जाखड़ ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र में भोजन बनाने के लिए गैस सिलिंडर नहीं दिया जा रहा, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने खर्च से सिलिंडर का प्रबंध कर रही हैं। इसके अतिरिक्त ना रजिस्टर दिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि वर्कर्स हैल्पर के खाली पदों को भरा जाए, वर्कर से सुपरवाइजर की पदोन्नति बिना परीक्षा के की जाए, सीईटी की शर्त को हटाया जाए। मांग पत्र सौंपने से पहले लघु सचिवालय में वर्कर्स यूनियन की बैठक में अपनी मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रेस प्रवक्ता मीनू लोहचब, सचिव प्रकाशी, मातनहेल ब्लाक प्रधान सुनीता रूड़ियावास, दर्शना, साल्हावास से रेखा, अर्चना, बहादुरगढ़ से सीमा, शर्मिला, कमलेश, ललिता, रीतुबाला, सीमा, अन्नु मौजूद रहे।