बादली क्षेत्र के मुंडा खेड़ा गांव से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय मामला सामने आया है। गांव के एक प्रभावशाली परिवार पर प्रवासी मजदूरों को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटने और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पीड़ित का वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
चोरी का आरोप लगाकर बंद कमरे में की पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार, मुंडा खेड़ा गांव में एक प्रभावशाली परिवार ने चोरी का आरोप लगाते हुए प्रवासी मजदूरों को एक कमरे में बंधक बना लिया। आरोप है कि बंद कमरे में मजदूरों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई और उन्हें अमानवीय यातनाएं दी गईं। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिसकर्मी और परिवार पर थूक चटवाने के गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पीड़ित मजदूरों ने प्रभावशाली परिवार के साथ-साथ बादली थाने के एक पुलिस कर्मचारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ बदसलूकी की, जातिसूचक गालियां दीं और जबरन थूक तक चटवाया।
भीमसेना ने दी झज्जर बंद की चेतावनी
वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है और दलित व सामाजिक संगठनों में भारी रोष देखा जा रहा है। भीमसेना के अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे झज्जर बंद का आह्वान करेंगे।
जांच के लिए थाने पहुंचे उच्चाधिकारी
मामले की गंभीरता और तनाव को देखते हुए पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा और एसीपी प्रदीप खत्री तुरंत बादली थाने पहुंचे। उच्चाधिकारी पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं और पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।