औद्योगिक नगरी के साथ बहादुरगढ़ उपमंडल आने वाले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के डॉक्टरों के प्रशिक्षण केंद्र के हब के रूप में नई पहचान स्थापित करने जा रहा है।
उपमंडल के गांव बाढ़सा में एम्स-2 परिसर में लगभग 2035 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय कैंसर संस्थान, इसके अतिरिक्त करोड़ों रुपये की धनराशि से राष्ट्रीय स्तर के सात चिकित्सा संस्थान खुलने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हाल ही में केंद्र सरकार और एम्स प्रशासन से मुलाकात कर इन संस्थानों के निर्माण कार्य को शुरू करने की रूपरेखा तैयार की।
ये मिले संस्थान
निर्माणाधीन एम्स-2 परिसर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के साथ 800 बेड की क्षमता के साथ राष्ट्रीय कार्डियोवासुलर, 500 बेड की क्षमता का सामान्य अस्पताल, 100 बेड का राष्ट्रीय प्रत्यारोपण एवं ट्रेनिंग केंद्र, 300 बेड का बच्चों के लिए राष्ट्रीय सेंटर फॉर चाइल्ड हेल्थ, 200 बेड का डाइजेस्टिव डिजीज सेंटर, 200 बेड का राष्ट्रीय विग्रियेट्रिक्स संस्थान, 200 बेड का रिहेबिलिटेशन केंद्र और राष्ट्रीय नर्सिंग रिसर्च संस्थान बनाए जाएंगे।
इन संस्थानों के चालू होने पर बाढ़सा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ प्रशिक्षित होंगे, साथ ही प्रदेश के लोगों को उच्च गुणवत्ता का इलाज भी उपलब्ध होगा।
बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव बाढ़सा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के चिकित्सा संस्थान खोलने का फैसला केंद्र सरकार ने लिया है। इसके लिए धनराशि की व्यवस्था कर दी गई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वास्थ्य योजनाओं को जल्द सिरे चढ़ाने के लिए उल्लेेखनीय प्रयास किए हैं। इनका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। -ओमप्रकाश धनखड़, कृषि मंत्री
बहादुरगढ़ उपमंडल के गांव बाढ़सा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई चिकित्सा संस्थान खुलना सभी के लिए गौरव की बात है। मनोहर लाल सरकार प्रदेश की जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है। -नरेश कौशिक, विधायक, बहादुरगढ़