बहादुरगढ़। जींद जिले से टीकरी बॉर्डर किसान आंदोलन में शामिल हुए एक किसान का कोई पता नहीं चल पाया है। लापता किसान के बेटे ने अब थाना शहर पुलिस में सूचना देकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बेटे का आरोप है कि उसके पिता को किसी अज्ञात स्थान पर छिपाकर रखा हुआ है।
लापता किसान के पुत्र बिजेंद्र ने पुलिस को दी सूचना में बताया है कि उसका पिता रामफल किसान ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए जींद जिले के गांव करसौला से कई अन्य किसानों के साथ टीकरी बॉर्डर धरनास्थल पर आया था। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर परेड के दौरान उनके पिता भी ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे, लेकिन टीकरी बार्डर के पास भीड़ अधिक होने के कारण वह ट्रैक्टर से नीचे उतर कर पैदल चल दिए। बिजेंद्र का कहना है कि उसके पिता ने टीकरी बॉर्डर क्रास भी नहीं किया और 26 जनवरी के दिन से ही उसके बारे में कुछ सुराग नहीं लग पाया है। थाना शहर पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसके बारे में खोजबीन शुरू कर दी गई है। इसकी सूचना आसपास के थाना व चौकियों में भी भेज दी गई है।