-फोटो 85 : नागरिक अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे लोगों की लगी भीड़। संवाद
बहादुरगढ़। होली के बाद शहर में त्वचा संबंधी एलर्जी ओर आंखों में जलन के मामले बढ़ गए हैं। मौसम में बदलाव के कारण खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज भी तेजी से बढ़े हैं। नागरिक अस्पताल की ओपीडी शुक्रवार को खचाखच भरी रही। 200 से अधिक मरीज अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुंदरम ने बताया कि सुबह-शाम ठंड और दोपहर में तेज धूप बीमारियों को बढ़ा रही है। सूखी खांसी, शरीर में जकड़न और बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। छाती में जकड़न या सांस लेने में दिक्कत होने पर मरीजों को तुरंत डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी जा रही है।
फिजिशियन ने मौसम में बदलाव के दौरान सजग रहने की बात कही। उन्होंने बताया कि सही आहार दिल की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है। लाल मिर्च, मैदा, जंक फूड और मीठे पेय से दूरी बनाना आवश्यक है। कई अनाजों का आटा, ठंडी विधि से निकाले गए तेल और हल्का प्रोटीन दिल को मजबूत रखते हैं।