झज्जर। जिले के गांव कुलाना का कनिष्क चौहान इंग्लैंड के बाद अब आस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी और गेंदबाजी से कमाल करेगा। कनिष्क चौहान का चयन भारतीय अंडर-19 टीम में आगामी 21 सितंबर से 10 अक्तूबर तक आस्ट्रेलिया में होने वाली तीन एक दिवसीय और दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए हुआ है।
वर्ष 2026 में आईसीसी की तरफ से अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बीसीसीआई की तरफ से तैयारियां की जा रही हैं। बीसीसीआई की तरफ से अंडर-19 विश्वकप को लेकर भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल करने वाले खिलाड़ियों को लेकर मैचों का आयोजन किया जा रहा है। हाल ही में भारतीय अंडर-19 टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी, जिसमें जिले के गांव कनिष्क चौहान का बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन रहा है।
वहीं इसके बाद अब कनिष्क चौहान का चयन आस्ट्रेलिया दौरे के लिए हुआ है। कनिष्क चौहान के आस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम में चयनित होने पर परिवार में खुशी का माहौल है। कनिष्क चौहान पिछले कई वर्षों से सिरसा की एक निजी अकादमी में अभ्यास करता है। कनिष्क चौहान के पिता प्रदीप चौहान किसान व उनकी माता सरिता चौहान गृहिणी है।
कनिष्क चौहान की माता सरिता ने बताया कि कनिष्क चौहान के आस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में चयनित होने पर उनको बहुत खुशी है। कनिष्क ने जिस प्रकार इंग्लैंड में बल्लेबाजी और गेंदबाज में प्रदर्शन किया है उसी प्रकार आस्ट्रेलिया दौरे पर भी कनिष्क चौहान शानदार प्रदर्शन करेगा। वहींं अभी कनिष्क चौहान आगामी चार अगस्त से हरियाणा में अंडर-19 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में सिरसा की तरफ से खेलेगा। इसके बाद आस्ट्रेलिया दौरे पर चयनित खिलाड़ियों के कैंप में भाग लेगा।