साल्हावास। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा ने विभिन्न कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं के प्रथम वर्ष के दाखिलों के लिए तीन जून से ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया है। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. विजय सिंह यादव ने बताया कि 25 जून तक राजकीय महाविद्यालय मातनहेल में विद्यार्थी स्नातक स्तर के अलग-अलग संकायों में 420 सीटों के लिए अपने आवेदन कर सकते हैं। 5 से 28 जून तक ऑनलाइन कागजातों की वेरिफिकेशन की जाएगी।
महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी ओमपति ने कहा कि 3 जुलाई को अंतिम रूप से पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी, इसमें चयनित विद्यार्थी 8 जुलाई तक अपनी दाखिला फीस ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं। दूसरी मेरिट लिस्ट 10 जुलाई को और इसमें चयनित विद्यार्थी 12 जुलाई तक अपनी दाखिला फीस ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं। 15 जुलाई से पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट के बचे हुए विद्यार्थियों के ओपन काउंसलिंग होगी। खाली बची सीटों के लिए 16 जुलाई को दोबारा पोर्टल खोला जाएगा और उसी दिन से ओपन काउंसिलिंग भी शुरू होगी। विगत वर्ष की भांति इस बार भी विद्यार्थियों से आवेदन की 100 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस ली जाएगी। ओपन काउंसलिंग के लिए भी पहले हफ्ते में 100 रुपये लेट फीस ली जाएगी और दूसरे हफ्ते के दौरान प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त लेट फीस लगेगी। सभी विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है एवं इसके बिना दाखिला नहीं होगा। महाविद्यालय में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के कोर्स उपलब्ध है, इनमें से प्रथम वर्ष के विद्यार्थी उच्चतर शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं। इनमें बीए के लिए 240, बी.कॉम में 80, बी.एससी. नॉन मेडिकल में 60 एवं बी.एससी मेडिकल में 40 सीटें हैं।