झज्जर। विभिन्न कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए आदि स्नातक कक्षाओं की दूसरी मेरिट लिस्ट के दाखिले शुरू हो गए हैं। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय झज्जर के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आया है, उनको 7 जुलाई तक ऑनलाइन फीस भरनी होगी। फीस भरने के बाद विद्यार्थियों को अपने दस्तावेजों की जांच के लिए कॉलेज में उपस्थित होना होगा।
नेहरू कॉलेज में विभिन्न कक्षाओं में पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद अब तक 263 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फीस जमा करवाई है। इनमें बीए के 151, बीएससी फिजिकल साइंस के 17, बीएससी लाइफ साइंस के 20, बीएससी गणित के 10, बीकॉम के 14, बीसीए के 34 तथा बीबीए के 17 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई है।
नेहरू कॉलेज में हैं 7 स्नातक कोर्स
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में यूजी कक्षाओं के सात पाठ्यक्रमों की 1200 सीटों के लिए 1567 आवेदन किए गए थे। इन सीटों पर दाखिलों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने अपने पोर्टल पर 556 विद्यार्थियों की पहली मेरिट लिस्ट जारी की थी। इसके बाद 106 विद्यार्थियों की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की गई है। इनमें बीए के 35, बीसीए के 34, बीबीए के 17, बीकॉम के एक, बीएससी फिजिकल साइंस के दो , बीएससी लाइफ साइंस के 7 और बीएससी गणित के 10 विद्यार्थियों की मेरिट लिस्ट जारी की गई।
ऑनलाइन जमा होगी फीस
एडमिशन पोर्टल पर ‘नो योर रिजल्ट’ टैब से पता लग जाएगा कि दाखिला किस कॉलेज के किस कोर्स में हुआ है। जिन अभ्यर्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आया है, वे 7 जुलाई तक फीस जमा कर सकते हैं। सरकारी कॉलेजों की फीस ऑनलाइन जमा होगी जबकि प्राइवेट कॉलेजों की फीस ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से जमा की जा सकती है।
फीस भरने के बाद एडमिशन पोर्टल से रसीद डाउनलोड करें। दाखिला शुरू में अस्थायी होगा और कॉलेज में सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। कोई कमी मिलने पर कॉलेज दाखिले को रद्द कर सकता है।
9 जुलाई से शुरू होगी ओपन काउंसलिंग
पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट के दाखिलों के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग 9 जुलाई से शुरू होगी। नए आवेदनों के लिए एडमिशन पोर्टल 10 जुलाई से दोबारा खुलेगा तथा 11 जुलाई से 17 जुलाई तक 100 रुपए लेट फीस के साथ दाखिले होंगे। इसके बाद 18 जुलाई से 24 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के अलावा 100 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त फीस लगेगी।