बहादुरगढ़। मेट्रो में महिलाओं के लिए रिजर्व कोच में यात्रा करने वाले पुरुषों की धरपकड़ के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने 10 सितंबर तक एक विशेष संयुक्त जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत सभी लाइनों पर महिलाओं के कोच में जांच की जा रही है। यदि कोई पुरुष यात्री महिला कोच में यात्रा करते हुए पकड़ा जा रहा है तो उसका चालान भी काटा जा रहा है। साथ ही उसे हिदायत दी जा रही है।
जांच टीम में डीएमआरसी के अलावा सीआईएसएफ और दिल्ली मेट्रो रेल पुलिस का स्टाफ भी शामिल है। महिला सुरक्षाकर्मियों को भी जांच टीमों में शामिल किया गया है। डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि अब अगले 10 दिनों तक यानी 10 सितंबर तक रोज शाम को 6 बजे से लेकर रात को 10 बजे तक मेट्रो की सभी लाइनों पर यह जॉइंट चेकिंग ड्राइव चलाई जाएगी। 10 दिन के बाद इस अभियान के नतीजों का आंकलन किया जाएगा और उसके आधार पर जरूरत के अनुसार इस चेकिंग अभियान को 10 सितंबर के आगे भी जारी रखा जा सकता है। इसका मकसद मेट्रो में महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ाना है, ताकि शाम को आफिस से घर लौट रही कामकाजी महिलाओं और युवतियों को मेट्रो में यात्रा करते वक्त किसी प्रकार की असहज स्थिति का सामना न करना पड़े।