फोटो-23: बहादुरगढ़ शहर में नगर परिषद अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते एसडीएम अभिनव सिवाच। सोशल
बहादुरगढ़। उपमंडल अधिकारी अभिनव सिवाच ने छोटू राम नगर लाइनपार क्षेत्र में हाल ही में हुई आगजनी की घटना और वार्ड नंबर-11 में सीवरेज व्यवस्था को लेकर संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एचएसआईआईडीसी, नगर परिषद सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम ने निरीक्षण के बाद कहा कि कुछ औद्योगिक इकाइयों द्वारा अवैध तरीके से औद्योगिक वेस्ट (कचरा) डंप किया जा रहा है जिसके कारण आगजनी की घटनाएं घटित हो रही हैं। खुले में आगजनी से वायु प्रदूषण के साथ-साथ जानमाल के नुकसान की आशंका बढ़ जाती है।
एसडीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे सभी उद्योगों, संस्थाओं, नागरिकों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले चरण में दोषी इकाइयों को नोटिस जारी किए जाएंगे और इसके बाद भी नियमों की अवहेलना जारी रहती है तो कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने नागरिक अस्पताल से सटी सड़क पर सीवरेज से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीवरेज लाइन की सफाई, जलनिकासी की सुचारु व्यवस्था और सड़क की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर तत्काल क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
एसडीएम ने नगर परिषद अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने, अवैध वेस्ट डंपिंग पर त्वरित रोक लगाने और आपसी समन्वय के साथ प्रभावी व समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।