झज्जर/बहादुरगढ़। करीब दस दिन पूर्व बहु-झोलरी मातनहेल रोड पर स्थित तीन पेट्रोल पंपों पर दो बाइक सवार युवकों ने हथियारों के बल पर वहां कार्यरत कर्मचारियों के साथ मारपीट कर करीब 87500 रुपये व मोबाइल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। अपराध जांच शाखा प्रथम बहादुरगढ़ की टीम ने बेरी क्षेत्र से एक आरोपी को काबू कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनजीत निवासी गांव रूडियावास के तौर पर हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि एक पेट्रोल पंप तो उनकी जमीन में है। रूडियावास गांव में उन्होंने अपनी जमीन पेट्रोल पंप के लिए किराये पर दी हुई है। आरोपी नशे का आदि है, नशे की लत को पूरा करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जबकि दूसरा युवक अपराधी किस्म का है। उसके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हैं। उसकी तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। लेकिन वह पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
सीआईए वन बहादुरगढ़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करके एक बदमाश को बेरी पुलिस थाना क्षेत्र से काबू किया है। अपराध जांच शाखा प्रथम बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि 12 व 13 मई की रात को थाना साल्हावास के अंतर्गत पुलिस चौकी झाड़ली के क्षेत्र में स्थित चार पेट्रोल पंपों पर एक ही रात में लूटपाट की वारदात हुई थी। जो चारों पेट्रोल पंप एक ही लाइन में गांव रूडियावास, सासरोली, झाड़ली और सुंदरहेटी गांव में स्थित हैं। एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर पंप कर्मियों के साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों बदमाशों ने तीन पेट्रोल पंपों से करीब 87500 रुपये की छीने थे। इन पेट्रोल पंप से सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य एकत्रित किए गए। उपरोक्त वारदातों के संबंध में थाना साल्हावास में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
एसपी ने किया था मौका मुआयना, चार टीमों का किया था गठन
उन्होंने बताया कि लूटपाट की उपरोक्त वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने स्वयं मौका पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया था। एसपी राजेश दुग्गल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के चार टीमों का गठन किया था। पूछताछ में आरोपी ने पेट्रोल पंपों पर लूटपाट की वारदात का खुलासा किया। एक पेट्रोल पंप जिस पर आरोपियों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था, वह मान फिलिंग स्टेशन आरोपी के खेत में ही बना हुआ है। आरोपी स्वयं खेती बाड़ी का काम करता है और नशे का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूटपाट की उपरोक्त वारदातों को अंजाम दिया था।
हत्या के मामले में जेल से जमानत पर आया हुआ है दूसरा आरोपी
वारदात में शामिल दूसरा आरोपी जितेंद्र निवासी रूडियावास हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था। आरोपी ने मार्च 2017 में आपसी रंजिश को लेकर सत्यवान निवासी गांव रूडियावास की अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की वारदात को अंजाम दिया था। वह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। जो अभी फरार चल रहा है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की तरफ से गंभीरता से कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।