झज्जर। कोरोना की दूसरी लहर में युवा ही नहीं मासूम भी कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। दो दिन में 21 मासूम कोरोना संक्रिमत मिल चुके हैं। शनिवार को 12 तो रविवार को 9 मासूम पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि एक व्यक्ति की मौत के साथ कोरोना मरने वालों का आंकड़ा 211 हो गया है। रविवार को 355 नए कोरोना पॉजीटिव मिले हैं, जबकि 429 मरीज ठीक हुए हैं। 882 मरीज फिलहाल होम आइसोलेट हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से उनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। फिलहाल 974 सक्रिय केस चल रहे हैं। इनमें से 92 को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जिले भर में 17 से अधिक स्थानों पर टेस्टिंग की सुविधा मुहैया करवाई गई है। इसके अतिरिक्त अब टीमें गांव गांव व घर-घर जाकर हेल्थ सर्वे कर रही हैं। कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर 93.3 प्रतिशत हो गया है। जिलेभर में अभी तक कुल 17659 कोरोना संक्रमित मरीज हैं, जिनमें से 16 हजार 474 नागरिक कोरोना संक्रमण को हराकर स्वस्थ हो गए हैं। वहीं अस्पतालों में सैनिटाइजिंग का कार्य भी निरंतर रूप से किया जा रहा है।
22363 युवाओं ने कराया टीकाकरण
जिलेभर में रविवार की शाम तक एक लाख 53 हजार 261 ने प्रथम डोज व 39 हजार 175 नागरिकों ने कोरोना वैक्सिनेशन करवाते हुए दूसरी डोज ली है। 18 वर्ष से 44 वर्ष की आयु तक के जिन युवाओं ने कोरोना टीकाकरण के किए पंजीकरण करवाया हुआ है उनको भी कोरोना के टीके लगाए जा रहे हैं। रविवार की शाम तक 22 हजार 363 युवाओं ने कोरोना की प्रथम डोज ली है। कोरोना टीकाकरण के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव मलिक ने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित आयु वर्ग के नागरिक टीकाकरण को लेकर काफी जागरूक हैं। स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
सर्वे टीमों ने की 683401 परिवार सदस्यों की स्क्रीनिंग
ग्रामीण स्वास्थ्य सर्वे अनुसार अब कोरोना पॉजीटिविटी रेट में दिनों दिन कमी आ रही है। ग्रामीण स्वास्थ्य सर्वे के ऑवर ऑल इंचार्ज एडीसी जगनिवास ने बताया कि जिले की अब तक 135054 घरों में दस्तक देते हुए 683401 परिवार सदस्य की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक हुए सर्वे में केवल 8747 किसी न किसी बीमारी के लक्षण के मरीज मिले जिन्हें तुरंत प्रभाव से स्वास्थ्य जांच प्रदान करते हुए सुरक्षा चक्र के घेरे में लेकर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
कोविड हेल्पलाइन
जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल सेवा के लिए कंट्रोल रूम सिविल सर्जन कार्यालय परिसर सेक्टर 6 में बनाया गया और हेल्पलाइन नंबर 01251-297193 व 297393 के अलावा 01251-297193, 01251-297393, 01251-297416, 01251-397417, 01251-297418 और 01251-297419 जारी किए गए हैं। साथ ही सरकार की ओर से दिए गए हेल्पलाइन नंबर 1075 पर संपर्क कर कोरोना से बचाव संबंधित जानकारी के लिए चिकित्सीय जानकारी 24 घंटे सातों दिन प्रभावी रूप से दी जा रही है।
कोरोना महामारी से बचाव की दिशा में प्रशासन प्रभावी कदम उठा रहा है। यही कारण है कि कोरोना रिकवरी रेट में बढ़ोतरी होते हुए आंकड़ा 93.3 फीसदी पर पहुंच गया है। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए जिलेभर में टीकाकरण प्रक्रिया के साथ ही टेस्टिंग पर भी विशेष फोकस किया गया है
- जितेंद्र कुमार, डीसी, झज्जर।