बहादुरगढ़। लाइनपार क्षेत्र के छोटूराम नगर में रविवार को उधार दिए गए राशन के नौ हजार रुपये मांगने पर पड़ोसी ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर किराना दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि इस घटना में उनके बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी। झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और वारिसों को सौंप दिया गया। अभिषेक की छाती पर तीन जगह चाकू के वार के निशान हैं। एसीपी क्राइम प्रदीप नैन का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार के बक्सर जिले के गांव कल्याणपुर निवासी 40 वर्षीय अभिषेक सिंह की पिछले आठ-नौ वर्षों से छोटूराम नगर में अशोक राठी के मकान में किराये पर दुकान है। अभिषेक ने पड़ोसी मुकेश को करीब नौ हजार रुपये का राशन उधार दिया था। कई बार मांग करने के बावजूद रुपये नहीं लौटाए गए। रविवार को अभिषेक अपने 13 वर्षीय बेटे अभिराज के साथ रुपये मांगने मुकेश के घर पहुंचे थे। यहां पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि मुकेश ने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। इसी दौरान मुकेश ने चाकू निकालकर अभिषेक की छाती पर वार कर दिया। अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बेटे अभिराज के पेट में भी चाकू मारा था। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हैं।