गांव सांखोल के नजदीक एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। थाना शहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
खेड़ी सांपला निवासी कुलविंद्र की करीब डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी कई माह गर्भ से है। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह गुड़गांव किसी कंपनी में ड्यूटी करता था।
बुधवार रात को जब वह बहादुरगढ़ से अपने घर की तरफ जा रहा था तो बीच रास्ते में गांव सांखोल के नजदीक किसी वाहन चालक ने उसकी बाइक में टक्कर दे मारी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। अधिक चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक दो भाइयों में छोटा था। जैसे ही परिजनों व रिश्तेदारों को इस दुर्घटना के बारे में पता चलता वे सकते में आ गए। सिविल हॉस्पिटल में शव को लेने के लिए आए परिजनों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। थाना शहर पुलिस ने वीरवार को सिविल हॉस्पिटल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया।