मातन-खरहर रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी गांव मातन के रहने वाले बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक के शवगृह में रखवा दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मातन गांव निवासी मोनू, सतीश अपने गांव से बाइक पर सवार होकर खरहर की तरफ जा रहे थे। जब वे मातन-खरहर की सीमा के नजदीक पहुंचे तो सामने से दूसरी बाइक पर गांव के ही आनंद और जोगेंद्र आ रहे थे। दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई।
इससे चारों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि इस दुर्घटना में मोहित उर्फ मोनू, सतीश, आनंद की मौत हो गई, जबकि जोगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने जब चारों युवकों को सड़क पर खून से लथपथ अचेतावस्था में देखा तो तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए पीजीआई रोहतक लेकर दौड़े। बताया गया है कि यहां जांच के दौरान मोहित उर्फ मोनू, सतीश, आनंद को मृत घोषित कर दिया गया।
एक साथ तीन युवकों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत की सूचना पर डीएसपी धीरज कुमार, थाना सदर एसएचओ रणधीर सिंह, मांडोठी पुलिस चौकी इंचार्ज योमेश कुमार और आसौदा पुलिस चौकी इंचार्ज जगबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया।
यह सड़क दुर्घटना किस बाइक चालक की गलती से हुई, इसको लेकर पुलिस गहन छानबीन में जुटी हुई थी। थाना सदर एसएचओ रणधीर सिंह, मांडोठी पुलिस चौकी इंचार्ज योमेश कुमार ने बताया कि मृतकों में मातन निवासी मोहित उर्फ मोनू, सतीश, आनंद शामिल हैं। तीनों के शवों को रोहतक पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया गया है। सोमवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।