इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने बहादुरगढ़ पहुंचे अभय चौटाला ने बीजेपी, कांग्रेस और जजपा पर निशाना साधने से नहीं चुकें। उन्होंने अपने भाषण में जजपा पर कमेंट करते हुए कहा कि विपक्ष में एक दूल्हा है जो घोड़ी चढ़ने को तैयार है। जजपा और बीजेपी के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी जजपा को फंसाने में लगी है, कुछ दिनों बाद इनके साथ धोबी वाली कहावत होगी.... न घर का न घाट का। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पार्टी में गुटबाजी कम नहीं बल्कि बढ़ी है। जल्द ही कांग्रेस भी बिखर जाएगी। प्रदेश की राजनीति में जल्द ही नए सिरे से तबदीली नजर आने वाली है। हालांकि उन्होंने बाद में यह भी कहा कि हमें आलोचना नहीं संगठन को मजबूती के लिए काम करना है।
इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी बैठक का आयोजन रविवार को पटेल नगर स्थित उमराव ग्रैंड वाटिका में किया गया था। इनेलो कार्यकारिणी की बैठक में चौ अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की सभी पार्टियों पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि आज का समय युवाओं का समय है, हरियाणा में सबसे ज्यादा नशा पंजाब की तरफ से आता है जिसके बारे में उन्होंने कई बार मुद्दा उठाया है, लेकिन मौजूद सरकार ने कभी भी युवाओं को नशे बचाने के लिए कोई कठोर कदम नहीं उठाया है। अब पार्टी युवाओं को नशे से बचाने के लिए अभियान चलाएगी, साथ ही पंजाब की तरफ से आने वाले नशे को रोक लगाने के लिए भी योजना बनाएगी। जिससे हरियाणा का युवा नशे का लती न हो।
महम विधायक के आरोपों की सीबीआई जांच कराए सरकार : अभय
इनेलो विधायक अभय चौटाला ने कहा कि महम विधायक बलराज कुंडू के आरोपों की जांच करे हरियाणा सरकार। जब सरकार छोटे-छोटे मामलों में सीबीआई जांच करवाती है तो बलराज कुंडू के मामले में जांच करवाने में क्या दिक्कत है। जबकि यह मामला तो हजारों करोड़ का है, सरकार इस मामले में लीपापोती करने पर तुली है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार सही है सीबीआई जांच करवाने में इतनी देरी क्यों कर रही है। जब विधायक कुंडू ने इस मामले को उजागर कर दिया तो उसके खिलाफ ही केस दर्ज करा दिया है।
गृहमंत्री और मुख्यमंत्री की आपस में ठनी
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि एक-एक लाख रुपये सरकार ने एक मिल के मालिक से इकट्ठा किया है। फिजिकल कमेटी बनाई थी उन्होंने भी 50-50 हजार रुपये ले लिए। नोटिस देने और घोटाला करने वालों से भी तीस-तीस हजार रुपये मांग लिए। एक तरफ तो मुख्यमंत्री कहते हैं कि भ्रष्टाचार खत्म कर रहा हूं वहीं दूसरी ओर मिल मालिकों से पैसा वसूल किया जा रहा है। मैं सीएम से कहूंगा कि इस जांच भी करवाए सीबीआई से करवाएं। सरकार में बैठे लोग तो जांच कर ही नहीं सकते है इस लिए नहीं कर सकते है कि जांच तो पुलिस विभाग करती है, और पुलिस को लेकर गृहमंत्री और मुख्यमंत्री की आपस में ठनी है। दोनों एक दूसरी की टांग खींचते हैं, अनिल विज सर्वे की बात को मानते हैं कि पुलिस विभाग को दुरुपयोग हो रहा है।
तीन तारीख तक सभी प्रमुख दें लिस्ट : चौटाल
पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी हलका, जिला और प्रदेश प्रमुख को कहा गया है कि सभी अपने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को लिस्ट 3 तारीख को जींद के जाट धर्मशाला में आयोजित होने वाली बैठक में दें। अगर कोई भी यह लिस्ट नहीं देगा तो वह पार्टी में तो सम्मान के साथ रहेगा लेकिन वह अपने पद पर नहीं रहेगा। पद के शौकीन लोग अपने काम को बखूबी तरीके से निभाएं। सभी प्रमुख अपने हलके, जिले व प्रदेश में आने वाले सभी गांव में जाकर लोगों को पार्टी के साथ जोड़े और पार्टी में होने वाले सभी कार्यक्रम में उन्हें आने के आमंत्रित करें।