पावर हाउस की बगल से बराही फाटक की ओर जाने वाले मार्ग पर खुले सीवर/मेनहोल हादसे का सबब बने हैं। सीवर खुले होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है, हादसा होने की आशंका भी हर समय बनी रहती है। स्थानीय निवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग से इन सीवरों को बंद कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि इस मार्ग से दिनभर लोगों का आना जाना लगा रहता है। वाहनों का भी दबाव ज्यादा है। पिछले करीब एक महीने से इस मार्ग पर यह समस्या गहराई हुई है। एक तो सड़क की चौड़ाई कम है, ऊपर से 10 मीटर के दायरे में बीचोंबीच दो सीवर खुले पड़े हैं। यहां से वाहन चालकों का गुजरना मुश्किल हो जाता है। इस वजह से जाम की स्थिति भी बनी रहती है। रात के समय स्थिति गंभीर हो जाती है। जनस्वास्थ्य विभाग का तो ध्यान इस तरफ है ही नहीं, खुले सीवर से महज 50 मीटर दूर अपने कार्यालय में बैठने वाले स्थानीय जन प्रतिनिधि भी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे।
स्थानीय निवासी जय, विनोद और नरेश आदि ने कहा कि पहले एक सीवर का ढक्कन टूटा था। वह तो ठीक हुआ नहीं दूसरा भी टूट गया। इस बात को अब लगभग एक महीना होने को है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से सुध नहीं ली जा रही। शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब इन खुले सीवरों में कोई वाहन न फंसता हो। दो दिन पहले ही एक थ्री व्हीलर पलट गया था। बच्चों के गिरने का भी डर कॉलोनी के लोगों को सताता रहता है। जनस्वास्थ्य विभाग इस ओर ध्यान दें और जल्द से जल्द इन सीवरों को दुरुस्त करे ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। इसके अलावा जहां-जहां सीवरों के ढक्कन ऊंचे-नीचे हैं, उन्हें भी ठीक किया जाएगा। वहीं वार्ड-31 के पार्षद प्रतिनिधि शशि कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। एक-दो दिन में सीवरों को ढकवा दिया जाएगा।
अधिकारी बोले
मामला उनके संज्ञान में आ गया है। वह कर्मचारियों को मौके पर भेजेंगे। यदि समस्या है तो शीघ्र ही उसका समाधान कर दिया जाएगा।
-श्रीकिशन दहिया, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग।