आयुष्मान योजना में बड़ी खामियां देखने को मिल रही हैं। बहादुरगढ़ शहर के बुजुर्ग मोहिंद्र दत्त पालीवाल चार जगह पर अपने कागजात जमा करवा चुके हैं लेकिन उन्हें अभी तक आयुष्मान योजना का कार्ड नहीं मिला है। वहीं हैरानी की बात यह है कि उनके परिवार के सभी लोगों के कार्ड घर पहुंच चुके हैं लेकिन उनका नहीं आया है। ऐसे में जब वे अधिकारियों से मिलने के लिए पहुंचे तो वे भी उनका जवाब नहीं दे पाए। बुजुर्ग मोहिंद्र दत्त को अब समझ नहीं आ रहा कि आखिर वो अपनी समस्या किसे समझाएं। ऐसे में उन्होंने अपनी समस्या अमर उजाला से सांझा की है।
खुद भी देख सकते हैं लिस्ट में अपना नाम
आयुष्मान योजना के तहत आपका नाम सूची में शामिल है या नहीं, इसके लिए आप सरकारी अस्पताल या फिर पैनल में शामिल किसी भी अस्पताल में जाकर नाम जांच सकते हैं। किसी भी व्यक्ति की जांच उसके नाम, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड नंबर से हो सकती है। वहीं कोई भी व्यक्ति खुद भी वेबसाइट खोलकर अपने नाम की जांच कर सकता है।
ऐसे तलाशें खुद का नाम
- एमईआरए डॉट पीएमजेएवाई डॉट गर्व डॉट इन पर जाएं।
- यहां अपना मोबाइल नंबर डालकर साइट खोलें।
- इसके बाद अपना नाम, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड इत्यादि से अपना नाम तलाशें।
वर्जन
आयुष्मान योजना की जानकारी देने के लिए हर पैनल वाले अस्पताल में काउंटर बनाया गया है। वहीं कई बार सर्वे लिस्ट में नाम की गड़बड़ की वजह से समस्या आ जाती है। अन्यथा आयुष्मान योजना के कार्ड जारी होने में समय नहीं लगता।
डॉ. मनोज, नोडल अधिकारी, झज्जर।