बहादुरगढ़। मेन बाजार स्थित कबाड़ी मार्केट में हफ्तेभर पहले कोमल ज्वैलर्स में हुई ढाई करोड़ की चोरी की वारदात का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। न तो चोर पकड़े गए हैं और न ही चोरी हुए सामान का कोई पता चला है। इससे दुकानदार में पुलिस के प्रति रोष बना हुआ है। अधिकारी लगातार चोरों को जल्द पकड़ने का दावा कर रहे हैं।
चोरों को पकड़ने के लिए 8 दिनों से अलग-अलग थानों की पांच टीमें जोर आजमाइश कर रही हैं। चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने मोबाइल डंप भी उठाया, दिल्ली और बहादुरगढ़ के सीसीटीवी भी खंगाले हैं। मगर अभी भी चोर पुलिस पकड़ से बाहर हैं। 8 अक्तूबर की घनी सुबह करीब पौने चार बजे कार में आए पांच चोरों ने ढाई करोड़ की चोरी को अंजाम दिया था।
यहां से चोर 30 किलो चांदी, 2 किलो सोना और चार लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। चोरों को पकड़ने के लिए थाना शहर की दो, सीआईए-1, 2 और साइबर थाना पुलिस जुटी हुई है। बताया गया है कि जिस कार में चोरों ने घटना को अंजाम दिया है, उस पर दिल्ली नंबर अंकित रहा, लेकिन वह भी जांच में फर्जी पाया गया था।
पुलिस वारदात को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सीसीटीवी खंगाले गए हैं, लेकिन चोर दिल्ली में 10 किलोमीटर जाने के बाद नजर नहीं आए। जल्द ही चोरों को पकड़ कर वारदात को सुलझाया जाएगा।
- मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।