-फोटो 52 : ट्रक में लगी भीषण आग से उठती लपटें। स्रोत पुलिस
बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मांडौठी टोल प्लाजा के पास प्लास्टिक दाने से भरे एक ट्रक का टायर फट गया। इससे उसमें आग लग गई और लाखों का माल जलकर खाक हो गया। सूचना दमकल विभाग को दी गई तो दो गाड़ी आग बुझाने पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने भीषण आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि ड्राइवर-परिचालक आग भड़कने से पहले ही ट्रक से नीचे उतर गए। इससे उनकी जान बच गई। हादसा सोमवार की रात हुआ। आग की लपटें तेज होने के कारण कुछ ही देर में ट्रक पूरी तरह से जल गया। हादसे के चलते कुंडली से मानेसर की तरफ जाने वाली लेन को करीब एक घंटे तक बंद रखना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को टोल प्लाजा से डायवर्ट किया। यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक ट्रक पानीपत से प्लास्टिक दाना भरकर रीवा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक केएमपी एक्सप्रेस-वे पर बहादुरगढ़ क्षेत्र के मांडौठी टोल के पास पहुंचा तो अचानक जोरदार धमाका हुआ।
ट्रक चालक-परिचालक नीचे उतरे तो देखा कि टायर फट चुका था और ट्रक के नीचे स्पार्किंग हो रही थी। देखते ही देखते अचानक आग भड़क गई। ट्रक मालिक जो खुद अपने बेटे के साथ ट्रक में मौजूद था। उन्होंने बताया कि धमाका होने के बाद आग देखकर वह घबरा गए।
राहगीरों ने उन्हें संभाला और नजदीक एक पेट्रोल पंप तक ले जाया गया। ट्रक में लगी भीषण आग के चलते उसमें भरा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।