बहादुरगढ़। रेलवे स्टेशन के भवन का कार्य अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। नए साल में फरवरी माह के अंत तक काम पूरा होने की संभावना है। अधिकांश भवन बनकर तैयार हो गया है। वहीं फिनिशिंग का काम शेष है। करीब 25 करोड़ की लागत से भवन तैयार हो रहा है जिससे एसी रूम, यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था व वाहन पार्किंग के लिए स्थान मिलेगा।
विज्ञापन
केंद्र सरकार की अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन को विकसित किया जा रहा है। दरअसल, भवन करीब 93 साल पुराना था जिसे तोड़कर नया स्वरूप दिया जा रहा है। भवन बनने से यात्रियों को एस्केलेटर, 24 घंटे बिजली, स्वच्छ पेयजल व होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
साथ ही अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम व साउंड सिस्टम भी होगा। प्लेटफार्म व शेड की लंबाई भी बढ़ाई जाएगी।
नए साल में मेट्रो के डिब्बे बढ़ने की भी उम्मीद
बहादुरगढ़ से हर रोज दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों तक करीब 70 हजार यात्री मेट्रो से आवागमन करते हैं। फिलहाल बहादुरगढ़ तक की ग्रीन लाइन पर 4 डिब्बों की मेट्रो हैं और यहां के तीनों स्टेशन 6 डिब्बे की मेट्रो तक डिजाइन किए गए हैं। दिल्ली के विभिन्न कॉरिडोर पर 8 डिब्बों तक की मेट्रो चलती हैं।
विज्ञापन
रविवार को छोड़कर हर रोज मेट्रो के डिब्बों में भीड़ रहती है। रोहतक-दिल्ली दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हाडा का कहना है कि उनकी ओर से मेट्रो के डिब्बों को बढ़ाने की कई बार मांग की जा चुकी है। उम्मीद है कि आगामी साल में डिब्बे बढ़ा दिए जाएंगे। इससे यात्रियों को काफी फायदा होगा।