बेरी। कबूलपुर मार्ग पर स्थित एक सर्विस स्टेशन पर काम करने वाले प्रवासी श्रमिक की वीरवार की रात को कस्सी मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे शराब पीकर एक युवक के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा होना माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बेरी के चुल्याण पाना निवासी कृष्ण उर्फ मोनू पुत्र धर्मबीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विकसा कॉलोनी राहुल नगर गोरखपुर, उत्तर प्रदेश निवासी डब्ल्यू पुत्र रामआसरे बेरी के कबूलपुर मार्ग पर स्थित संदीप नामक युवक के सर्विस स्टेशन पर गाड़ी धोने का काम करता था। वह करीब चार महीने पहले आया था। वीरवार देर रात मृतक अपने साथी बेरी निवासी कृष्ण के साथ सर्विस स्टेशन के साथ लगते एक खेत में बैठकर शराब पी रहा था। बाद में उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि उस दौरान आरोपी ने कस्सी के कई प्रहार डब्ल्यू के सिर पर कर दिए। इस हमले में डब्ल्यू बुरी तरह से घायल हो गया और उसने सिर पर लगी गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाकर हत्या से जुड़े सबूत जुटाए। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेजा। जहां से शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत कृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कबूलपुर मार्ग पर स्थित सर्विस स्टेशन के कर्मचारी की कस्सी मारकर हत्या करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सत्यवान, पुलिस थाना, प्रभारी बेरी।