झज्जर। बहादुरगढ़ से वाया झज्जर होते हुए बहु झोलरी के बीच चलने वाली बसों की नई समय सारिणी को लेकर इस रूट के निजी बस संचालकों व आरटीए के बीच दूसरी बैठक बुधवार को हुई। इसमें निजी बस संचालकों ने मांग की है कि बहु झोलरी व बहादुरगढ़ से झज्जर आने वाली बसों का ठहराव दो से तीन मिनट रखा जाए, जबकि इस समय एक से डेढ़ घंटे का ठहराव होता है। इससे यात्रियों को दिक्कत आती है और निजी बस संचालकों को भी नुकसान होता है।
आरटीए की तरफ से झज्जर बस अड्डे पर निजी बसों के ठहराव के समय को उचित ठहराया गया और निजी बस संचालकों की मांगों को सुना गया। इस मामले में जल्दी ही नया ड्राफ्ट समय सारिणी का तैयार किया जाएगा। आरटीए की तरफ से निजी बस संचालकों से कहा गया कि सभी निजी बस संचालक एकमत से इसके लिए तैयार हो जाए तो इसे लागू करने में दिक्कत नहीं आएगी। इसके लिए निजी बस संचालकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
दो साल पहले बनी थी समय सारिणी
बहादुरगढ़-झज्जर के बीच 33 और बहुझोलरी से वाया झज्जर-बहादुरगढ़ के बीच कुल 9 बसें चलती हैं। 2023 में इनकी समयसारिणी बनाई गई थी। उसमें बहादुरगढ़ और बहु झोलरी से बस झज्जर बस अड्डे पर आने पर उसको वहीं रोक दिया जाता है और एक घंटे बाद उसका समय निर्धारित किया गया था। इस कारण बस ऑपरेटरों को सवारियों को वहीं उतारना पड़ता है। इस कारण उनको नुकसान हो रहा था। अब उनकी मांग है कि बहुझोलरी से वाया झज्जर से होकर बहादुरगढ़ तक जाने वाली बसों का स्टॉप दो मिनट का बस अड्डे पर कर दिया जाए, जिससे यात्रियों को भी परेशानी न हो।
निजी बस ऑपरेटरों के साथ दूसरी बैठक हुई है। इसमें झज्जर बस अड्डे पर ठहराव को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी है। इस पर विचार किया जाएगा। जो जनता हित में होगा, उसे लागू किया जाएगा। बस ऑपरेटरों को एक सप्ताह का समय दिया गया है कि वह सभी को समय सारिणी के लिए तैयार करे। उसके बाद अगली बैठक में समय सारिणी का ड्राफ्ट तैयार कर उनको दिखाया जाएगा। यदि उस पर सहमति हुई तो लागू करवाया जाएगा।
- अंकित चौकसे, आरटीए, झज्जर