18jjrp04- सिविल अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे लोग। संवाद
झज्जर। दीपावली को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आतिशबाजी से जलने वाले मरीजों के उपचार के लिए चार बेड का बर्न वार्ड बनाया गया है। इसके अलावा आपातकालीन विभाग में 24 घंटे चिकित्सकों की ड्यूटी रहेगी। सभी सर्जन ऑन कॉल 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे।
स्पेशल बर्न वार्ड सिविल अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बनाया गया है। पर्व को देखते हुए विशेष निर्देश सिविल सर्जन कार्यालय की तरफ से सिविल अस्पताल के एमएस को जारी कर दिए गए हैं। सिविल अस्पताल प्रशासन की तरफ से भी चिकित्सकों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं ताकि आपातकालीन के दौरान जरूरत पड़ने पर समस्या न हो।
पैरामेडिकल स्टाफ की भी ड्यूटी लगाई गई हैं। आपातकालीन में दवाईयां, इंजेक्शन की पूरी उपलब्धता करवा दी गई है ताकि आपातकालीन स्थिति में समस्या न आए। सिविल अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ को आपातकालीन स्थिति 24 घंटे किसी भी समय ऑन कॉल बुलाया जा सकेगा। आपातकालीन विभाग में 24 घंटे शिफ्ट अनुसार तीन चिकित्सकों की ड्यूटी रहेगी।
थानों में भेजी गई एंबुलेंस
त्योहार को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों के थानों में एंबुलेंस की ड्यूटी लगाई गई है ताकि घटना के दौरान तुरंत एंबुलेंस को भेजा जा सके। स्वास्थ्य विभाग के पास कुल 22 एंबुलेंस हैं, जिसमें से 15 एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया है। झज्जर और बहादुरगढ़ के सिटी और सदर थाने में एक-एक एंबुलेंस की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार साल्हावास, बादली और बेरी थाने में एक-एक एंबुलेंस की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दीपावली को देखते हुए स्टाफ की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है।