संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। करीब 25 हजार कारतूस बरामदगी के मामले में पकड़े गए आरोपियों से जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। सिरसा के महक गन हाउस से खरीदे गए कारतूस बिहार के गैंगस्टर आशिफ अंसारी को सप्लाई किए जाने थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सिरसा के गन हाउस संचालक विजय गोयल ने 50 लाख रुपये लेकर कारतूसों की खेप उपलब्ध कराई थी।
एसटीएफ रोहतक विजय गोयल से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया हुआ है जबकि महिला को जेल भेज दिया गया। जांच में सामने आए सुरागों के आधार पर बदायूं में अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना के गन हाउस को भी सील किया गया है।
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी संख्या में कारतूसों की खरीद और सप्लाई का पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था।
कारतूसों की खरीद के लिए रकम कहां से आई और खेप बिहार तक पहुंचाने में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस और एसटीएफ की जांच कारतूसों की सप्लाई चेन, गन हाउस संचालकों की भूमिका और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।
आरोपियों से पूछताछ में और खुलासे होने की संभावना है। एसटीएफ सिरसा स्थित महक गन हाउस के संचालक विजय गोयल से भी पूछताछ कर रही है। इस मामले में विजय गोयल को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के संपर्कों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। कारतूसों के साथ पकड़े गए आरोपियों से पुलिस को आठ मोबाइल फोन भी बरामद हुए थे।
-
रोहद गांव में दो कारों से पकड़े गए पांच आरोपियों से 25 हजार कारतूस मिलने के मामले में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश और सिरसा में दबिश दी गई। पूछताछ में आरोपियों से कई अहम सुराग मिले हैं। उन्हीं के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। जल्द ही मामले में और बड़ा खुलासा होने की संभावना है।
-योगेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर, एसटीएफ, रोहतक।