अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। एनएच- 152 डी प्रकरण में भूूतल, सड़क निर्माण एवं परिवहन मंत्रालय ने जमीन अधिग्रहण मामले में पूरी प्रक्रिया की जांच करवाए जाने के निर्देश दिए हैं। भारत भूमि बचाओ संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश दलाल ने बताया गत 29 अप्रैल को संघर्ष समिति एवं किसानों की ओर से भूतल, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत की गई थी। शिकायत में बताया गया कि एनएचडी-152 डी में जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया में नियमों की अवहेलना की गई है। शिकायत में बताया गया कि एनएच-150डी के लिए जमीन अधिग्रहीत प्रक्रिया में काफी त्रुटियां छोड़ दी गई। आवश्यक तथ्यों को छिपाया गया है। नियमों के तहत एनएच निर्माण संबंधी कागज प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। यही वजह रही कि किसानों को अपने हित में आवाज उठानी पड़ी और किसानों को आंदोलन शुरू करना पड़ा। संघर्ष समिति राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश दलाल ने बताया कि अब सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में इस पूरी प्रक्रिया की नए सिरे से जांच को कहा गया है ताकि किसानों को नुकसान न होने पाए।
वहीं थ्री जी अवार्ड रद्द करने एवं प्रति एकड़ दो करोड़ मुआवजा दिए जाने की मांग के लिऐ गांव रामनगर में 17 गांवों के किसानों का धरना जारी है। किसान सेवा संघ जिला संयोजक विनोद मौड़ी ने बताया कि जब तक इस मसले का कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकाला जाता है तब तक किसानों का धरना जारी रहेगा।