अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जहांआरा बाग स्टेडियम में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। उपायुक्त सोनल गोयल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस समारोह में भव्य परेड, देश भक्ति से ओत-प्रोत व अनेकता में एकता का संदेश देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, देश, प्रदेश व जिला की विकास गाथा को वर्णित -प्रदर्शित करती हुई मनमोहक व ज्ञानवर्द्धक झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि डीसी सोनल गोयल ने कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजन, युद्ध वीरागांनाओं तथा पूर्व सैनिकों, शौर्य मेडल विजेताओं को सम्मानित किया। समारोह में उपायुक्त ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम व झांकियों के विजेताओं, विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले महानुभावों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभाशाली छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र देते हुए सम्मानित किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त सुशील सारवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंशाक कुमार सावन, एसडीएम झज्जर विजय सिंह, सीटीएम अश्विनी कुमार, जिप सीईओ शिखा, अधीक्षण अभियंता पब्लिक हेल्थ जगबीर मलिक, डीएसपी हंसराज, डीएसपी भारती डबास, नप चेयरमैन कविता नंदवानी, वाइस चेयरमैन प्रवीण गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
परेड में ये रहे शामिल
डीएसपी भारती डबास के नेतृत्व में आयोजित परेड में हरियाणा पुलिस की पुरुष व महिला टुकड़ी, होम गार्ड, नेहरू कॉलेज की सीनियर एनसीसी विंग, जीएसएसएस झज्जर की जूनियर एनसीसी विंग, जीएसएसएस दादरी तोए स्कूल से प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकड़ी, जीएसएस झज्जर की गर्ल्स गाइड्स, स्काउट्स, एनसीसी नेवी विंग एंड स्काउट्स एचडी साल्हावास की टुकड़ी और एसएफएस स्कूल बिरधाना के स्कूली बैंड ने भाग लिया। परेड में महिला पुलिस की टुकड़ी प्रथम, जूनियर एनसीसी विंग झज्जर की दूसरी, जीएसएस झज्जर गाइड्स की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में इन स्कूलों ने लिया भाग
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में जवाहर नवोदय स्कूल कलोई, सवेरा स्कूल झज्जर, गंगा इंटरनेशनल कबलाना, आरईडी स्कूल छुछकवास, संस्कारम पब्लिक स्कूल खातीवास, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल झज्जर की टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झज्जर की टीम प्रथम, संस्कारम स्कूल खातीवास की दूसरे तथा गंगा इंटरनेशनल स्कूल कबलाना की टीम तीसरे स्थान पर रही। विशेष योग्यता के सवेरा स्कूल के छात्रों विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इन विभागों की झांकियों ने किया प्रदर्शन
जिप सीईओ शिखा व उपनिदेशक कृषि डॉ. रोहताश के मार्गदर्शन में तैयार अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, बहुतकनीकी संस्थान झज्जर, जिला उद्योग केंद्र, जिला मत्स्य पालन विभाग, डीसीडब्ल्यू, जिला वन विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, जिला बागवानी विभाग, जिला निर्वाचन विभाग, जिला रेड क्रास, जिला खादय एवं आपूर्ति विभाग व जिला आयुष विभाग की मनमोहक व ज्ञानवर्द्धक झांकियां शामिल रहीं। शिक्षा व आईटीआई झज्जर प्रथम, बहुतकनीकी संस्थान झज्जर दूसरे तथा महिला एवं बाल विकास विभाग झज्जर की झांकी तीसरे स्थान पर रही।