अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। देश में लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। सभी पार्टियां अपने-अपने वोट बैंक को लेकर गुणा-भाग करने में जुटी हुई हैं। वहीं भिवानी से लौटते समय बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि देश की जनता हर बार मोदी को ही प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहती है। उनमें देश को नेतृत्व करने की अपार क्षमता है। इसी वजह से आज देश-विदेश में भी भारत की चर्चा हुआ करती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा के चुनाव में वोट होगा मोदी के लिए, हमारी ताकत मोदी हैं और कांग्रेस की कमजोरी राहुल है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शहनवाज हुसैन ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने भी अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी की तीन मार्च को पटना में एनडीए की रैली करेगी जहां से लोकसभा चुनाव का शंखनाद होगा। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव के क्या परिणाम रहे हैं। वह पूरे देश की जनता जानती है। मोदी सरकार को हटाने के लिए विपक्ष ने पूरे प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं कांग्रेस में प्रियंका गांधी का पहले कद था अब पद भी मिल गया है। वह राजनीति में पहले भी सक्रिय थी लेकिन अब पद मिल गया है। रहीं बात प्रियंका गांधी की लोकप्रियता की तो उनकी लोकप्रियता केवल कांग्रेस पार्टी के अंदर है।
जनता चाहती है मोदी को लाना
बीजेपी सरकार ने सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर सभी को एक समान माना है। सरकार ने गरीब समाज के लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देेने का काम किया है। इसमें समाज के सभी लोग हैं। हमारी सरकार जात-धर्म के नाम पर काम नहीं करती है। देश के मुखिया सबको एक समान नजर से देखते हैं। इसी का नतीजा है कि पार्टी से बढ़कर जनता आने वाले लोकसभा चुनाव में मोदी को लाना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी के तीन राज्यों में मिली हार पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि हम छत्तीसगढ़ में हारे, मध्यप्रदेश में चुके है और राजस्थान में फिसले हैं। हम सारे उपचुनाव हारे है फिर भी 75 सीटें ले आएं। हरियाणा के लोकसभा में नए चेहरे को लेकर राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यह चुनाव समिति में तय होगा। जिसका मैं भी सदस्य हूं। इस पर अभी प्रतिक्रिया देना सही नहीं है। मैं पार्टी का प्रवक्ता हूं।