अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
सरकार स्वच्छता अभियान के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर रही है और पूरे जिले के अधिकारी गांव-गांव जाकर सरकार की योजना को लेकर जागरूक कर रहे है। लेकिन बेरी के गांव भागलपुरी में जोहड़ गंदगी से अटा पड़ा है। इसकी प्रशासन सुध नहीं ले रहा है। गंदगी से अटे जोहड़ की शिकायत प्रधानमंत्री को भेजी है।
गांव भागलपुरी निवासी रजत पुत्र राजबीर ने प्रधानमंत्री को ऑनलाइन शिकायत में लिखा है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव भागलपुरी में धज्जियां उड़ रही है। गांव में बना जोहड़ गंदगी से अटा हुआ है। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी शहर से कूड़ा-कचरा उठाकर इस जोहड़ में डाल देते हैं। कई बार तो शहर के मृत आवारा पशुओं को भी इसी जोहड़ में डाल दिया जाता है। जिससे यहां रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि गंदगी से अटे जोहड़ को लेकर इससे पहले सीएम विंडो में शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन कोई समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
बता दें कि नवरात्रों में मेले के दौरान दूर-दराज से मां के दरबार में भक्त माथा टेकने के लिए आते है और गंदगी से अटे जोहड़ से भक्तों की आस्था कुंठा में बदल जाती है। रजत ने बताया कि गंदगी से अटे जोहड़ के कारण मच्छर मक्खी पैदा हो गई हैं। गंदा पानी एक जगह इकठ्ठा होने से बीमारियां फैलने आशंका बनी रहती है। पूरे जिले के अधिकारी गांव गांव जाकर सरकार की योजना का ढोल पीट रही है लेकिन भागलपुरी गांव में कोई ध्यान नहीं दे रहा।
वर्जन
भागलपुरी में गंदगी से अटे जोहड़ की सफाई कुछ दिन पहले करवाई गई थी। अगर फिर से जोहड़ गंदगी से अटा हुआ है तो जोहड़ की दोबारा से सफाई करवा दी जाएगी और आमजन को किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना नही होने दिया जाएगा।
- संजय रोहिल्ला, सचिव, नगर पालिका बेरी।