अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
राज्य महिला आयोग की सदस्या सोनिया अग्रवाल ने बुधवार को शहर के नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों का जायजा लिया। इस दौरान मरीजों ने उनसे स्टाफ की शिकायत की तो अग्रवाल ने स्टाफ को फटकार लगाई।
आयोग सदस्या ने करीब दो घंटे तक अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने पहले अस्पताल में पहुंचकर पूरी व्यवस्था की जानकारी ली और फिर प्रसूतिगृह, नेत्र विभाग, जनरल वार्ड, पोस्ट ओटी वार्ड, एसएनसीयू, ओटी समेत ओपीडी कैंपस का जायजा लिया।
इस दौरान डिलीवरी केसों से जुड़ी दो शिकायतें उनके पास पहुंची। एक शिकायत प्रसूता को डिलीवरी के समय रेफर किए जाने और व्हील चेयर तक मुहैया न करवाने की तो दूसरी शिकायत में स्टाफ के खिलाफ और वार्ड में से शिफ्ट करने पर सुविधा न दिए जाने की थी। हालांकि इस बारे किसी की ओर से आयोग सदस्या को लिखित में शिकायत नहीं दी। वहीं, निरीक्षण के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्या सोनिया अग्रवाल ने कमी देखी। अग्रवाल जब महिला वार्ड में पहुंची तो वहां पर स्वीपर सफाई कर रहा था। इस पर उन्होंने सफाईकर्मी को फटकार लगाई। वहीं, पुरुष जनरल वार्ड में सभी बेडों पर अलग-अलग रंग की चद्दरें बिछी थी। इससे यह तय नहीं हो पा रहा था कि कौन सी चद्दरें कब से बिछाई गई है। विगत में अस्पताल में चद्दरों को लेकर कलर कोड सिस्टम लागू हो चुका है। सप्ताह में अलग-अलग दिन अलग-अलग रंग की चद्दरें बिछाने का नियम है। इस वार्ड में आठ बेड थे और इन पर सात रंगों की चद्दरें बिछी हुई थी। आयोग सदस्या ने स्टाफ से पूछा तो उन्होंने स्टॉक व लाउंड्री की समस्या बताई। जबकि अधिकारियों ने चद्दरों का स्टॉक पूरा होने की बात कही।
कहा, कुर्सी छोड़कर व्यवस्थाएं परखे अधिकारी
महिला आयोग सदस्य सोनिया अग्रवाल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतुष्ट नजर नहीं आई। जब वह अधिकारियों से बात कर रही थी तो उसी दौरान कुछ मरीजों के तीमारदारों ने आकर उन्हें अस्पताल की अव्यवस्थाएं गिनवाई। कभी संस्थागत सुविधाएं समय पर न मिलने तो कभी स्टाफ का रूखा व्यवहार होने की बात कही। जिस पर आयोग सदस्या ने अधिकारियों को कहा कि वे कुर्सी छोड़कर दिन में अस्पताल की व्यवस्थाओं की भी जांच करते रहे कि कहां क्या हो रहा है। कहीं कोई स्टाफकर्मी मनमानी तो नहीं कर रहा है या फिर मरीजों को इलाज में परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कुर्सी छोड़कर वार्ड का दौरा करने से जहां व्यवस्थाएं ठीक नजर आएंगी। वहीं, कर्मचारियों में भी कार्य के प्रति सजगता देखने को मिलेगी।
क्या कहती हैं आयोग सदस्या
राज्य महिला आयोग सदस्या सोनिया अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कई खामियां नजर आई। लेबर रूम की ज्यादा शिकायतें रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनके निदान करने के लिए कहा है। मरीजों ने जो शिकायतें की हैं उसकी भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह सरकार व विभाग के मंत्री, सीएमओ को भेजी जाएगी।