अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
चार दिन पहले जहाजगढ़-दादरी मार्ग पर गांव बराणी मोड़ के पास हुए सड़क के बाद तीन गांवों की पंचायत इसे चौड़ा करवाने व संकेतक लगवाने के लिए एकजुट हुई हैं। तीनों पंचायतों के द्वारा सबसे पहली आवाज उपमंडल अधिकारी के सामने उठाई जाएगी। पुलिया को चौड़ा करवाने व जर्जर पुलिया की हालत को ठीक करवाने के लिए तीनों पंचायतें अब ज्ञापन सौंपेगी।
सरपंचों का कहना है कि पुलिया की कम चौड़ाई है और जिसके चलते हादसे होते है। हर साल धुंध में हादसे घटित होते है। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र की सड़कें तो बनवा दी लेकिन ड्रेन नंबर 8 की पुलियां को चौड़ा करना भूल गया। पिछले साल ड्रेन की रेलिंग गिर गई थी। प्रशासन ने पुलियां को चौड़ा करवाने की बजाए दीवार बनवाकर अपना काम पूरा कर दिया। बराणी मोड़ पर ड्रेन के ऊपर से गुजर रहे पुल की हालत खस्ता हैैै।
स्कूल बसों का है यही रास्ता
छुछकवास क्षेत्र में दर्जन से ज्यादा स्कूल सभी स्कूलों की बस यहां से गुजरती है। यहां से रोजाना रोडवेज की बसें गुजरती है। इस पुलियां से हजारों निजी वाहन गुजरतें है। कई लोगों की जान पुलिया के तंग होने के कारण जा चुकी है। इन सब के बावजूद पुल के इस तंग होने पर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है। पुल की हालत पिछले काफी समय से खराब है।
तीन साल में 11 लोगों को लील चुका है मोड़
बराणी मोड़ पर अब तक कई लोग अपनी जान सड़क दुर्घटनाओं में गंवा चुके हैं। आंकड़ों को अगर देखा जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में 11 लोगों की जान जाने के अलावा ऐसे लोग भी हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं में घायल और अपंग हुए हैं।
मोड़ पर कब-कब हुए हादसे
- 29 मई 2015 : चार व्यक्तियों की मौत।
- 26 जुलाई 2015 : ट्रक चालक की मौत तथा दो अन्य लोग घायल
- 22 अगस्त 2015 : टाटा 407 के चालक की मौत हो गई जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल
- 17 अक्तूबर 2015 : दुर्घटना में तरुण हरित पुत्र राकेश हरित की मौत।
- 28 मार्च 2016 : साइकिल सवार धर्मबीर बराणी की मौत।
- 8 जून 2016 : जहाजगढ़ निवासी राकेश व सोनीपत निवासी कर्मबीर पुत्र रामस्वरूप की मौत।
- 27 जुुलाई 2017 : सड़क हादसे में सुधीर की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।
- 8 फरवरी 2018 : हादसे में दो लोगों की मौत, 3 घायल।
वर्जन
बराणी मोड़ की तंग पुलिया को लेकर होने ग्राम पंचायत जहाजगढ़ जल्द ही उपमंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी जोकि आए दिन तंग पुलिया से हादसे होते है। हादसे में लोगों की जान चली जाती है। प्रशासन से ज्ञापन के माध्यम से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द बराणी मोड़ की पुलिया को चौड़ा करवाया जाए। जिससे बराणी मोड़ पर सड़क हादसे ना हो।
- प्रर्मिला सरपंच जहाजगढ़।
वर्जन
बराणी मोड़ जिले का सबसे खतरनाक मोड़ है और बराणी मोड़ की पुलिया को चौड़ा करवाने के लिए ग्राम पंचायत पहाड़ीपुर जल्द ही एसडीएम बेरी को ज्ञापन सौंपगी कि बराणी मोड़ के पुलिया की चौड़ाई को बढ़ाया जाए और मोड़ पर कोई भी संकेतक नही लगा हुआ है और मोड़ पर संकेतक लगाया जाएगा। जिससे चालकों को पता चल जाए कि आगे मोड़ है, जिससे दुर्घटना होने से भी बचा जा सके।
- निशा सरपंच पहाड़ीपुर।
वर्जन
बराणी मोड़ की पुलिया की जर्जर हालत को लेकर ग्राम पंचायत बराणी जल्द ही एसडीएम बेरी को ज्ञापन सौंपगी, जिससे बराणी मोड़ पर होने वाले हादसे ना हो और बेकसूर लोगों की जान ना जाए। बराणी मोड़ इतना खड़ा मोड़ है कि चालक मोड़ में हैरानी पड़ जाता है और जिससे सड़क हादसा हो जाता है, पुलिया की चौड़ाई भी कम है, और पुलिया की आधी से ज्यादा दीवार गिरी हुई है, जिससे हादसे के बाद वाहनों का नहर में गिरने का भय भी रहता है।
- नफे सिंह बराणी सरपंच।