फौगाट बहनों के नाम से बलाली में बनेगा कुश्ती हॉल
चरखी दादरी।
सोनीपत के भालगढ़ में साक्षी मलिक के नाम से बने नार्थ जोन कुश्ती ट्रेनिंग सेंटर की तर्ज पर ही अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता- बबीता फौगाट के गांव बलाली में आधुनिक कुश्ती हॅाल बनेगा। पंचायतराज व खेल विभाग अधिकारियों की टीम भालगढ़ का दौरा कर इस डिजाइन को देख चुकी है। बलाली कुश्ती हॉल में दो मैट होंगे। इसमें फालसिलिंग छत स्टील की होगी। गांव ने कुश्ती हॉल के लिए 10 एकड़ जमीन दे रखी है। यह प्रस्तावित कुश्ती हॉल एयर कंडीशनर होगा। कुश्ती हॉल आधुनिक तरीके की सभी सुविधाओं से युक्त बनना है। इस प्रोजेक्ट के लिए पौने दो करोड़ की राशि मंजूर हो चुकी है। विभाग की इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू करने की प्लानिंग है ताकि इस क्षेत्र के युवा कुश्ती खिलाड़ियों को जल्द ही यह सुविधा मिल सके।
18 सितंबर 2016 की सीएम रैली के दौरान गांव बलाली में सीएम ने कुश्ती हॉल बनवाए जाने की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा के बाद खेल व पंचायतराज विभाग ने संयुक्त रूप से इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की लेकिन यह प्रक्रिया अभी जारी है। ओलंपियन खिलाड़ी गीता व बबीता इसी गांव से हैं ऐसे में सीएम ने इस गांव में जिले का पहला अत्याधुनिक कुश्ती हॉल बनवाए जाने की घोषणा कर रखी है। गीता व बबीता ने अपने पिता द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर से कुश्ती के गुर इसी गांव की माटी में सीखे हैं। घर पर ही मैट लगाकार दोनो बहनों ने कुश्ती खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। इन बहनों से प्रेरणा लेकर अन्य लड़कियां व युवक भी अब यहां कोच महावीर की खेल नर्सरी में अभ्यास कर कुश्ती खेल में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जब गीता व बबीता ने कुश्ती खेलना शुरू किया था उस समय उनके पास अपना मैट भी नहीं था। अब यहां आधुनिक कुश्ती हॉल बनना है। यह कुश्ती हॉल पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसके लिए जमीन फाइनल हो चुकी है। इसके साथ इसी गांव में 10 एकड़ जमीन पर खेल स्टेडियम भी बनना है। पंचायतीराज व खेल विभाग को इस कुश्ती हॅाल निर्माण की जिम्मेदारी सौंप रखी है।
भालगढ़ कुश्ती सेंटर का किया दौरा
= ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक के नाम से सोनीपत के भालगढ़ में बने नार्थ जोन के कुश्ती सेंटर की तर्ज पर ही गीता-बबीता के नाम से चरखी दादरी के गांव बलाली में कुश्ती हॉल बनाया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज व खेल विभाग अधिकारियों की टीम कुछ दिन पहले भालगढ़ कुश्ती सेंटर का दौरा कर चुकी है।
दो मैट का होगा बलाली कुश्ती हॉल
गांव बलाली में बनने वाला कुश्ती हॉल दो मैट का होगा जबकि भालगढ़ का कुश्ती सेंटर चार मैट का है। इस कुश्ती हॉल की फालसिलिंग छत स्टील की बनेंगी तथा ग्रिल व दरवाजे एल्यूमीनियम के होंगे। खिड़कियों पर इस प्रकार के ग्लास लगाए जाएंगे जिनके टूटने के बहुत कम चांस होते हैं। यहां बड़ा जीम भी बनेगा तथा लड़केे व लड़कियों के लिए अलग-अलग तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए पंचायत ने 10 एकड़ जमीन सरकार दे रखी है।
वर्जन--
बलाली कुश्ती हॉल आधुनिक तकनीक पर आधारित होगा। पहलवानों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं यहां उपलब्ध करवाई जाएंगी। जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी।
राजबीर सिंह, जिला खेल अधिकारी