आरटीओ कार्यालय में गड़बड़: जांच के लिए एसआईटी गठित
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सीएम फ्लाइंग के औचक निरीक्षण में सामने आई आरटीओ कार्यालयों की खामियों की जांच के लिए एसपी सुनील दलाल ने एसआईटी गठित कर दी है। तीन सदस्यीय टीम में एक इंस्पेक्टर व दो सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। एसआईटी टीम हर सप्ताह जांच की प्रोग्रेस रिपोर्ट एसपी को सौंपेगी। एसआईटी ने वीरवार से ही अपनी जांच शुरू कर दी है। सीएम फ्लाइंग में शामिल इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम ही दो आरटीओ सहित चार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
दादरी आरटीओ कार्यालय में चल रही गड़बड़ी की शिकायतें पिछले कुछ समय से उच्चाधिकारियों के पास पहुंच रही थी। इन्हीं शिकायतों पर संज्ञान लेकर बुधवार को सीएम फ्लाइंग ने डीएसपी अजीत कुमार के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया था। सीएम फ्लाइंग ने आरटीओ कार्यालय की चालान बुक सहित अन्य दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच की थी। इस दौरान इनमें अनियमितताएं सामने आई थी। डीएसपी अजीत सिंह ने मीडिया से रूबरू होकर इन अनियमितताओं की जानकारी भी दी थी। डीएसपी अजीत सिंह ने बताया था कि जांच के दौरान सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की बात सामने आई है। करीब छह घंटे की जांच के बाद सीएम फ्लाइंग ने इस संबंध में लिखित शिकायत भी पुलिस को दी थी। पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई कर पूर्व आरटीओ गौरव कुमार, वर्तमान आरटीओ ओमप्रकाश देवराला सहित लिपिक जसबीर और असिस्टेंट धर्मेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद मामले की जांच के लिए एसपी सुनील दलाल ने इंस्पेक्टर रघबीर सिंह सहित एसआई विक्रम सिंह और भीम सिंह की तीन सदस्यीय एसआईटी गठित कर दी। एसआईटी टीम को हर सप्ताह अपनी जांच की प्रोग्रेस रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपनी होगी।
वर्जन:
एसपी ने तीन सदस्यीय एसआईटी मामले की जांच के लिए गठित कर दी है। इंस्पेक्टर रघबीर सिंह को इस टीम का कमान सौंपी गई है। हर सप्ताह यह टीम जांच प्रक्रिया की अपडेट रिपोर्ट एसपी को देगी। - भूदेव जांगड़ा, पुलिस प्रवक्ता