प्लानिंग बनाकर डस्टबिन रखना भूली नगर परिषद
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
नगर परिषद की दुकानदारों को कूड़ा डालने के लिए छोटे डस्टबिन मुहैया करवाने की प्लानिंग ठंडे बस्ते में पड़ी हैं। चार माह पहले सारा खाका तैयार करने के बावजूद नप अधिकारी इसे धरातल पर अब तक शुरू नहीं कर पाए हैं। वहीं, बस स्टैंड रोड पर दुकानदारों को कूड़ा डालने में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुबह आठ बजे नगर परिषद सफाई कर्मचारी दुकानों के बाहर से कूड़े का उठान कर लेते है, लेकिन इसके बाद दुकानदारों के लिए कूड़ा डालना आफत बन जाता है। सड़क किनारे दिनभर खुले में डाले कूड़े से राहगीरों को भी परेशानियां होती हैं। दुकानदारों ने बस स्टैंड रोड पर डिवाइडर के बीचोंबीच छोटे डस्टबिन रखवाने की मांग की है।
बस स्टैंड रोड स्थित पूर्ण मार्केट, टैक्सी स्टैंड व दरियाव सिंह वाली गली में दुकानदारों के पास कूड़ा डालने के लिए कोई पुख्ता प्रबंध नहीं है। मजबूरन दुकानदारों को कूड़ा बस स्टैंड परिसर व नगर परिषद के बैक साइड में डालना पड़ रहा है। बस स्टैंड परिसर और नप के बैक साइड में पड़े कूड़े का उठान न होने के कारण कूड़ा लगातार फैलता जा रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने नगर परिषद अधिकारियों से बस स्टैंड रोड पर छोटे डस्टबिन रखने की मांग की है। डस्टबिन न होने से अधिकतर दुकानदार व रेहड़ी चालक रात के समय सारा कूड़ा बस स्टैंड के सामने फोरलेन पर ही डाल कर चले जाते है। वहीं, सुबह के समय सड़क पर फैला कूड़ा पार्क में सैर करने वाले लोगों के लिए परेशानी बन जाता है।
दुकानदार बोले: छोटे डस्टबिन रखे जाए तो मिले राहत
सुबह के समय कूड़ा डालने में काफी परेशानी होती है। नगर परिषद कर्मचारी भी समय पर कूड़े का उठान नहीं करते है। बस स्टैंड परिसर में कूड़ा दस फुट तक फैला हुआ है। नगर परिषद अधिकारी छोटे डस्टबिन रखवा दे तो दुकानदारों की परेशानी कम हो जाएगी। - जितेंद्र, रोहिल्ला टैंट हाउस स्थित दुकानदार
छोटे डस्टबिन के कारण राहगीर भी सड़क पर ही कूड़ा डाल देते है जिसका नुकसान दुकानदारों को भुगतना पड़ता है। कूड़े के कारण दुकानदारों को पूरा दिन दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद अधिकारियों को जल्द ही बस स्टैंड रोड पर छोटे डस्टबिन रखवा देने चाहिए। - राजेश, पूर्ण मार्केट स्थित दुकानदार
दिन के समय कूड़ा अधिक होने के कारण काफी दूर तक जाना पड़ता है। छोटे डस्टबीन रखे हो तो दुकानदारों की समस्या कम हो जाएगी। नगर परिषद कर्मचारी भी एक बार कूड़े का उठान कर चले जाते है। बाद में कोई भी कर्मचारी कूड़े के उठान के लिए नहीं आता है। - पवन, हुक्म सिंह मार्केट दुकानदार
छोटे डस्टबिन लगने के बाद दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी। फोरलेन पर भी खुले में कूड़ा पड़ा रहता है। नगर परिषद कर्मचारी समय पर कूड़े का उठान नहीं करते है। छोटे डस्टबिन रखने से जहां दुकानदारों की परेशानियां कम होंगी वहीं सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त रहेगी। - राजेंद्र, टैक्सी स्टैंड स्थित दुकानदार
वर्जन:
जल्द ही हम बस स्टैंड रोड पर डस्टबिन रखवा देंगे। सेनेटरी शाखा के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए हैं। इसका खाका हमने तैयार पहले ही कर रखा है और अब जल्द ही प्लानिंग को हम इसे सिरे चढ़ा देंगे। - संजय यादव, सचिव नगर परिषद