अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान में नहरों को साफ-सुथरा रखने के लिए अब बच्चे भी आगे आने लगे हैं। बुधवार को शक्ति नगर के बच्चों ने बड़ों को सुधारने के लिए अपने हाथों से एक बोर्ड बनाया, जिसमें लिखा है कि नहर में कूड़ा डालना मना है। स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित हो नन्हें बच्चों ने अपने घर के सामने नहर में कूड़ा डालने वालों को रोकने के लिए ये पहल की है।
बच्चों ने कूड़ा डालने वालों को जुर्माने की चेतावनी भी दी है। नहर को कूड़ा मुक्त कर स्वच्छ जल की अवधारणा को साकार करने के लिए निवेदक के तौर पर समस्त बच्चा पार्टी भी लिखा है। 8वीं की छात्रा भूमि और कक्षा चौथी के छात्र अतुल धनखड़ ने पहल करते हुए अपने साथियों मनित, ध्रुव, लकी, अभि, रिद्धि और हर्षित दलाल के साथ मिलकर सबसे पहले दो लकड़ियों को नहर के किनारे लगाया और फिर एक पुराने फ्लेक्स पेपर को उल्टा कर उस पर लोगों के लिए प्रेरणादायक संदेश लिख दिया। इस पूरे कार्य के लिए हिंदी प्राध्यापिका रजनी डबास ने बच्चों का मार्गदर्शन और हौंसला अफजाई भी की। भूमि ने बताया कि कई लोग नहर में कूड़ा और पूजा की सामग्री डालकर उसे गंदा कर देते हैं। कई बार उन्होंने ऐसा करने से लोगो को रोका भी है लेकिन फिर भी लोग मानते नहीं है। इससे नहर का पानी गंदा हो रहा है और जब पानी नहीं होता तो उस कूड़े के कारण कीचड़ हो जाता है, जो बदबू मारता है।
भूमि, हर्षित, मनित, ध्रुव और अतुल ने कहा कि वे हर रोज इस बात का ख्याल रखेंगे कि कोई नहर में कूड़ा न डाले और ये भी ध्यान रखेंगे कि कोई उनके बनाए बोर्ड को न हटा दे। जुर्माने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर कोई कूड़ा डालता पकड़ा गया तो उससे सारे बच्चे मिलकर उनसे 1000 रुपये मांगेंगे और अगर रुपये मिलते हैं तो उन्हें गोशाला में दान कर देंगे। कॉलोनी के बुजुर्गों ने भी बच्चों को इस काम के लिए बधाई दी और खुद भी आगे आकर नहर को साफ रखने में योगदान देने की बात कही है।