नहरी पानी चोरी करते पकड़े 15 किसान
जिले की नहरों में चल रहा है 600 क्यूसेक पानी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहरी पानी की चोरी रोकने के लिए सोमवार को नहरों पर छापामारी की। इस दौरान उन्होेंने 15 किसानों को नहरी पानी की चोरी करते पकड़ा। इस समय चरखी दादरी की नहरों में 600 क्यूसेक पानी चल रहा है। यह पानी 16 दिन के लिए मिला है।
जानकारी के अनुसार चरखी दादरी की नहरों में आठ जून को 600 क्यूसेक छोड़ा गया। इस नहरी पानी से जलघरों और तालाबों में पानी डाला जा रहा है। शहर के चंपापुरी जलघर में लोहारू नहर से और रामनगर जलघर में बधवाना नहर से पानी डाला जाता है। इस समय दोनो जलघरों में पानी चल रहा है। नहरी पानी की चोरी भी काफी मात्रा में हो रही है। किसान खरीफ की फसल के लिए नहरी पानी की चोरी कर रहे हैं। अधिकतर किसानों ने कपास की बिजाई कर रखी है तो कुछ किसान नहरी पानी से सिंचाई कर ज्वार व चारे की अन्य फसलों की बिजाई करने के लिए सिंचाई कर रहे हैं। नहरी पानी की बढ़ती चोरी को देखते हुए सिंचाई विभाग अधिकारियों ने नहरों पर छापामारी शुरू कर दी है । सोमवार को विभाग के एसडीओ राहुल के नेतृत्व में लोहारू नहर पर छापामारी की गई इस दौरान 15 किसानों को नहरी पानी की चोरी करते पकड़ा गया। इसे लेकर किसानों में काफी हड़कंप बना रहा। किसान नहरी पानी का उठान साइफन व इंजन के जरिए कर लेते हैं।