अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओपी धनखड़ वीरवार को विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए हसनपुर गांव पहुंचे। जहां पर उन्होंने अपने संबोधन के दौरान पूूछा कि ऐसा कोई घर तो नहीं है, जिसे उज्जवला स्कीम के तहत गैस कनेक्शन नहीं मिला। इस पर कार्यक्रम में मौजूद एक महिला ने कहा कि उसे नहीं मिला है। इस दौरान मंत्री धनखड़ ने सभा में घोषणा कर दी कि शाम तक आपको गैस कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद मंत्री ओपी धनखड़ ने तुरंत वहां मौजूद फूड एंड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर अमरजीत को निर्देश दिए कि कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करवाई जाए।
जांच में निकला राशन कार्ड पर रजिस्ट्रेशन
मंत्री के सामने सवाल उठाने वाली महिला बीरो देवी पत्नी सुरेश कुमार को फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर अमरजीत ने कागजात लेकर धौड़ चौक स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर कनेक्शन के लिए बुलाया। जहां पर राशन कार्ड नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन करना चाहा तो पता चला कि पहले ही रजिस्ट्रेशन इस राशन कार्ड पर हो चुका है। जब इंस्पेक्टर ने महिला से पूछा कि किस एजेंसी से आपका रजिस्ट्रेशन है, वहां से उन्हें सिलिंडर दिलवा दिया जाएगा। इस पर महिला ने तीन-चार बार एजेंसी का नाम बदला। देर शाम तक कंफर्म नहीं हो पाया कि रजिस्ट्रेशन आखिरकार महिला ने किस एजेंसी के लिए करवाया है। अब आगे की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी की जाएगी।
मेरिट पर सरकारी नौकरी, पर्ची सिस्टम खत्म
पंचायत एवं विकास मंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में मेरिट के आधार पर नौकरी देने की व्यवस्था कायम करने से समाज में नया माहौल बना है। अभिभावक व युवा गुणवत्ता की शिक्षा की ओर अग्रसर हुए हैं। अब युवाओं को पता चल गया है कि पर्ची सिस्टम इस सरकार में नहीं चलेगा केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिलेगी। ऑनलाइन ट्रांसफर नीति लागूू की गई। इस दौरान पंचायत एवं विकास मंत्री ने कहा कि ऐसा कोई प्रतिनिधि हो, जिसने गांव-गांव पहुंचकर अपना हिसाब-किताब देने का काम किया हो। वे अपना पूरा हिसाब-किताब सभी के सामने रख रहे हैं। पंचायत मंत्री ने अपने दौरे के दौरान हसनपुर में पार्क व्यायामशाला, एससी चौपाल व बीसी चौपाल, कन्वाह में व्यायामशाला व चौपाल का नवीनीकरण, न्यौला में व्यायामशाला, सुरेहती से खुड्डन तक सड़क मार्ग का चौड़ीकरण व सुधारीकरण, कासनी से निवादा तक सड़क मार्ग का चौड़ीकरण व सुधारीकरण तथा सुरहेती से कासनी तक सड़क मार्ग का सुधारीकरण व चौड़ीकरण आदि विकास परियोजनाओं की सौगात दी। पंचायत मंत्री ने विकास परियोजनाओं का शुभारंभ व उद्घाटन ग्रामीणों से करवाया।
महिला के लिए जब गैस कनेक्शन का आवेदन किया गया तो पता चला कि रजिस्ट्रेशन पूर्व में हो चुुका है। महिला ने रजिस्ट्रेशन को लेकर तीन-चार अलग-अलग एजेंसी के नाम बताए। इनमें उनका रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। पूर्व में रजिस्ट्रेशन अगर हो तो आवेदक को नया कनेक्शन नहीं मिल सकता। पूर्व का रजिस्ट्रेशन रद्द करवाना पड़ता है। शुक्रवार को फिर से पता लगाया जाएगा कि उनका रजिस्ट्रेशन कहां पर है।
अमरजीत, इंस्पेक्टर, फूड एंड सप्लाई विभाग झज्जर।