फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच बेटियों के सिर सजा कालेज प्रधानी का ताज, खुशी में झूमे समर्थक

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। छात्र संघ चुनाव में सीआर की नियुक्ति के बाद शीर्ष चार पदों के परिणाम भी जिले के सभी छह कालेजों में बुधवार शाम करीब पांच बजे घोषित कर दिए गए। इन चुनावों में छह में से पांच कालेजों की प्रधानी की ताज बेटियों के सिर पर सजा है। शहर का एमएलआर कालेज ही एकमात्र ऐसा है जिसकी प्रधानी की कमान लड़के के हाथ में गई है। प्रधान, उप-प्रधान, सचिव और सह-सचिव के पद पर एबीवीपी का दबदबा रहा। जिले के चार कालेजों में चुनी गई प्रधान एबीवीपी समर्थक हैं जबकि जनता कालेज की प्रधानी इनसो समर्थक को मिली है। परिणाम घोषित होते ही इनसो कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे और उन्होंने अपनी खुशी का इजहार नाचकर किया। वहीं, परिणाम घोषित होते ही और विजेता प्रत्याशियों के बाहर आने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभालकर युवाओं को कालेज कैंपस के पास से चलता कर दिया। पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोई हिंसक गतिविधि नहीं हुई।
विज्ञापन

शहर के जनता कालेज में प्रधान का पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित था। इसके लिए सुनैना और प्रियंका ने नामांकन फार्म भरा था। कालेज के सभी सीआर ने प्रधान पद के लिए वोट डाले। इस दौरान सुनैना को 11 तो प्रियंका को सात वोट मिले। इस आधार पर इनसो समर्थक सुनैना को जनता कालेज का प्रधान घोषित किया गया। वहीं, उप-प्रधान की सीट भी इनसो के खाते में गई। उप-प्रधान अभिषेक ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाविक गर्ग को 11-7 के अंतर से हराया। सचिव पद पर नव गठित संगठन जेएमएसओ समर्थक छात्रा यशिका विजेता बनी। यशिका को 11 जबकि उसकी प्रतिद्वंद्वी शालू को सात वोट मिले। सह-सचिव इनसो समर्थक सुमित को चुना गया।
वहीं, एपीजे कालेज में एबीवीपी समर्थक कविता ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अंजू को 8-5 के अंतर से हराकर प्रधानी हासिल की। उप-प्रधान का पद एससी आरक्षित होने के चलते इस पर कोई नामांकन नहीं भरा गया। सचिव और सह-सचिव भी एबीवीपी समर्थक अंजलि व टीना को चुना गया। वहीं, एमएलआर कालेज में अंकित को प्रधान, अनिता सांगवान को उप-प्रधान, कविता को सचिव और करिश्मा को सह-सचिव चुना गया। इन्होंने किसी छात्र संगठन से जुड़ाव होने से इंकार किया है।
विज्ञापन


टाई से हुआ मुकाबला, ड्रा से चुनी बौंदकलां कॉलेज प्रधान
बौंदकलां कॉलेज में मतदान के लिए कुल 172 में से 96 छात्र-छात्राओं ने ही मतदान किया। सीआर का चुनाव होने के बाद दोपहर को प्रधान पद का मुकाबला बीकॉम फाइनल की आरजू शर्मा और बीए द्वितीय वर्ष की कीर्ति निमड़ी के बीच हुआ। इसमें दोनों को दो-दो वोट मिले और इसके चलते टाई हो गया। इसके बाद दोनों के नाम की पर्ची डालकर ड्रा निकाला गया। इसमें कीर्ति का नाम प्रधान पद के लिए आ गया। उप-प्रधान बीए प्रथम वर्ष की छात्रा प्रीति को चुना गया। सचिव पद के मुकाबले में एक मत के अंतर से लक्ष्मी ने जीत दर्ज की। लक्ष्मी को तीन और आरजू शर्मा को दो वोट मिले। सह-सचिव बीए फाइनल की छात्रा कविता को चुना गया।
झोझूकलां महिला महाविद्यालय में सीआर के बाद सर्वसम्मति से चुनी प्रधान
झोझूकलां स्थित महिला महाविद्यालय में सभी 19 सीआर सर्वसम्मति से चुनने के बाद प्रधान, उप-प्रधान, सचिव और सह-सचिव का चुनाव भी बिना वोटिंग के किया गया। एबीवीपी समर्थक बिंदु को कालेज प्रधान, इनसो समर्थक पूजा को उप-प्रधान, इनसो समर्थक सविता को सचिव और एबीवीपी समर्थक महिला को सह-सचिव चुना गया।

बाढड़ा कालेज में भी निर्विरोध चुने चारों पदाधिकारी
बाढड़ा राजकीय कालेज में प्रधान निर्विरोध छात्रा प्रगति को चुना गया। प्रगति एबीवीपी समर्थक है। वहीं, उप-प्रधान एबीवीपी समर्थक अंशु को चुना गया। कालेज सचिव एबीवीपी समर्थक ज्योति को चुना गया जबकि सह-सचिव इनसो समर्थक सुजाता चुनी गई। कालेज में प्रधान और उप-प्रधान का चुनाव पहले किया गया और इसके बाद ही सचिव और सह-सचिव की नियुक्तियां हुईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें