फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद रैली व बलिदान दिवस को लेकर प्रशासन अलर्ट, धारा-144 लागू, 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

विज्ञापन
विज्ञापन
जींद रैली और बलिदान दिवस को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
15 फरवरी की प्रस्तावित जींद रैली और 18 फरवरी के आरक्षण संघर्ष समिति के बलिदान दिवस पर लॉ एंड आर्डर बनाए रखने के लिए प्रशासनिक तंत्र ने मंगलवार को करीब ढाई घंटे तक मंथन किया। जिला उपायुक्त विजय कुमार सिद्प्पा ने सैन्य अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग की मौजूदगी में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए। उपायुक्त विजय कुमार सिद्प्पा ने जिले में धारा-144 भी लागू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के निर्देशों पर सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को फोर्स और दंगारोधी संसाधन मुहैया करवाए हैं। एसपी हिमांशु गर्ग ने जिले में 20 पैंथर टीमें भी पेट्रोलिंग के लिए गठित की हैं। शहरी क्षेत्र में पांच, सदर पुलिस थाना क्षेत्र में नौ, बाढड़ा क्षेत्र में चार और बौंदकलां क्षेत्र में दो पैंथर टीमों की तैनाती की गई है। सभी 19 नाकों पर फोर्स की तैनाती बुधवार सुबह कर दी जाएगी।
डीसी विजय कुमार सिद्प्पा ने 23 फरवरी तक किसी भी अप्रिय घटना से निपटने, कानून और शांति बनाए रखने के मद्देनजर दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा-144 के तहत जिले में आम जनता या जनता के किसी भी प्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर की जाने वाली जनसभाओं पर रोक लगा दी है। जिलाधीश द्वारा अनाधिकृत रूप से पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने और किसी भी प्रकार का हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। जिलाधीश ने जिला से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग या राज्य राजमार्ग व जिला के अन्य मार्गों पर पांच या अधिक व्यक्तियों के साथ ट्रैक्टर ट्राली लेकर चलने, खाद्य पदार्थ, खाना पकाने का सामान, लाठी डंडे, तलवार, गंडासी से भरे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। उपायुक्त का कहना है कि दादरी जिले के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है। जिला में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला में किसी भी प्रकार की अराजकता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए जिला में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। पैरा मिलिट्री की एक कंपनी जिला में पहुंच चुकी है और तीन कंपनियां जल्द ही पहुंच जाएंगी। उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा के मुख्य सचिव के आदेशों के अनुसार कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के छुट्टी पर नहीं जा सकता है। विशेष स्थिति में ही किसी अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी दी जा सकती है। ये निर्देश आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेंगे। उपायुक्त ने इस संबंध में जिला के सभी इस संबंध में विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन


पेट्रोल पंप पर दर्ज होगा वाहन सवारों का पूरा ब्योरा
जिलाधीश ने जिले के तहत आने वाले सभी पेट्रोल पंपों के संचालकों को निर्देश जारी किए हैं कि आगामी आदेशों तक पेट्रोल या डीजल लेने वाले सभी ट्रैक्टर ट्राली चालक के नाम, पता, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, वाहन में सवार व्यक्तियों की संख्या और तेल भराई की पर्ची का ब्योरा रजिस्टर में दर्ज करें। साथ ही कोई भी पेट्रोल पंप पेट्रोल या डीजल की खुली बिक्री ना करें।

19 नाकों में से आठ को प्रशासन मान रहा संवेदनशील
प्रशासन ने जिले में 19 नाके लगाने योजना तैयार की है। शहर में छह पुलिस नाके रहेंगे जो कि महेंद्रगढ़ चौक, लोहारू चौक, रावलधी टी-प्वाइंट, समसपुर टी-प्वाइंट, कनीना टी-प्वाइंट व उत्सव वाटिका के समीप लगाए जाएंगे। इन नाकों पर छह ड्यूटी मजिस्ट्रेट व दस-दस जवानों सहित अर्द्ध सैनिक बल के आठ जवानों का एक सेेक्शन तैनात रहेगा। सदर पुलिस थाना क्षेत्र में आदमपुर पुलिस चौकी के समीप, मंदोली, चिडिया, पैंतावास कलां व रासीवास क्रशर जोन टी-प्वाइंट पर नाके लगाए गए हैं। बौंदकलां थाना में सांवड़ व खेरड़ी नहर पुल पर नाका लगाया गया है। बाढड़ा में क्रांतिकारी चौक, जीतपुरा टी-प्वाइंट, हंसावास खुर्द, नहर पुल नांधा पर पुलिस नाका लगाया गया है। बाढड़ा में क्रांतिकारी चौक व बौंदकलां में सांवड़ नाके को पुलिस संवेदनशील मान रही है। यहां अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

ये अधिकारी रहे बैठक में मौजूद
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय सिंह तोमर, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट जितेंद्र कुमार, सहायक डिप्टी कमांडेंट बीरबल, एसडीएम ओमप्रकाश देवराला, नगराधीश मनीष कुमार फौगाट, जीएम रोडवेज अनिल नागर, डीएसपी प्रदीप, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिता गुलिया, जिला बागवानी अधिकारी सुरेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश सबरवाल व जयपाल फौगाट, नगर परिषद सचिव संजय यादव, कार्यकारी अभियंता भागीरथ, उदयवीर झांझडिया, तहसीलदार नवनीत व नायब तहसीलदार जगदीश चंद्र सहित जिला के सभी थानों के एसएचओ व विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

सात घंटे मुख्यमार्गों से न गुजरें भारी वाहन चालक
जींद रैली में बाइक जाने के चलते ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होगी और इसके अलावा किसी हिंसक गतिविधि का भी प्रशासन को डर है। प्रशासनिक अमले ने सुबह सात से दस व दोपहर तीन से शाम सात बजे तक वाहन चालकों से सड़कों से दूरी बनाने की अपील की है। वहीं, प्रशासन ने रैली में जाने वाले बाइक चालकों से भी हेल्मेट पहनने की अपील की है।

कोट
अर्द्ध सैनिक बल की एक कंपनी जिले में पहुंच चुकी है जबकि तीन मूव ऑन हैं। 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती हमने कर दी है। जिलेवासियों से अपील है कि किसी हिंसक गतिविधि में भाग न लें वरना प्रशासन सख्ती से निपटेगा। - विजय कुमार सिद्प्पा, डीसी
विज्ञापन


कोट
पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। हमने पुलिस नाकों पर फोर्स की तैनाती कर दी है। आमजन से अपील है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। संसाधन और पुलिस फोर्स पर्याप्त है। हम उपद्रवियों से सख्ती से निपटेंगे। - हिमांशु गर्ग, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें