अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
नए साल में सर्दी ने भी जोर पकड़ लिया है। ठिठुराने वाली ठंड पड़ने से जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में कोहरा तो इतना नहीं रहा, पर ठंड ऐसी थी कि कमरों के अंदर तक महसूस हो रही थी। मंद गति से चल रही हवाएं सर्दी की अधिकता का अहसास कराती रही, दिन में कुछ समय के लिए धूप निकली, तो राहत मिली। कुछ दिनों से कोहरा पड़ रहा था, पर सुबह मौसम साफ नजर आया, परंतु सर्द हवाएं चलने से ठंड अपने पूरे यौवन पर रही। इन दिनों सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बंद हैं।
लोग सुबह देर तक रजाई में दुबके नजर आते हैं। शुक्रवार को सर्दी का अधिक अहसास हुआ और दोपहर को हल्की सी धूप निकली, लेकिन ज्यादा राहत नहीं दे सकी। शाम को फिर से सर्दी ने फिर जोर पकड़ा। दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम 7 डिग्री तक पहुंचा। दोपहर के समय निकली हल्की धूप में पार्कों में भी रौनक देखने को मिली। बच्चे झूला झूलते नजर आए।
गर्म व्यंजनों का स्वादले रहे लोग
इन दिनों सर्दी काफी अधिक हो रही है। सर्दी में लोग गर्म व्यंजनों का खूब मजा ले रहे हैं। शहरवासी गर्म गाजर के हलवे, पकौड़ों के अलावा आलू टिक्की का खूब आनंद ले रहे हैं। सर्दी के सीजन में गर्मागर्म व्यंजनों की खपत भी बढ़ गई है।