अमर उजाला ब्यूरो
बेरी।
पिछले दिनों कादयान खाप में प्रधानी को लेकर चल रहा विवाद रविवार को हुई पंचायतों में भी नहीं सुलझ सका। यशपाल मलिक की झज्जर में हुई भाईचारा रैली के बाद कादियान खाप में दो फाड़ हुई। रविवार को बेरी क्षेत्र की कादियान खाप के दोनों पक्षों ने रविवार को खाप की पंचायत बुलाई। बेरी क्षेत्र की कादियान खाप के दोनों गुटों ने रविवार को शक्ति प्रदर्शन के बहाने अपनी अलग-अलग पंचायतें बुलाई। दोनों ही पंचायतों के बराबर की हाजिरी भी जुटी। लेकिन घंटों चली इन दोनों ही पंचायतों ने कोई भी पक्ष न तो झुकने को तैयार हुआ और न ही खाप का प्रधान पद त्यागने को। हांलांकि इस दौरान बेरी गोशाला में हुई बिल्लू पहलवान की अध्यक्षता वाली पंचायत में कुछ लोग चुनकर स्थानीय जाट धर्मशाला में खाप प्रधान केदार सिंह को बुलाने भी गए लेकिन वहां उन्हें जवाब दिया गया तो यहीं कि खाप के लोगों ने उनकी बकायदा विधिवत रूप से ताजपोशी की थी। इसलिए जब तक खाप के लोग नहीं चाहेंगे तब तक वह कादियान खाप बारह के प्रधान बने रहेंगे।
उधर बेरी गोशाला में हुई दूसरे गुट की पंचायत बिल्लू पहलवान की अध्यक्षता में हुई। इस पंचायत मेें जाट आरक्षण की लड़ाई को जारी रखने के लिए प्रत्येक गांव 50-50 हजार रुपये की राशि एकत्रित किए जाने का निर्णय लिया। पंचायत का संचालन सचिव ओमप्रकाश ने किया जिसमें गांव जहाजगढ़ के खाप में शामिल होने का प्रस्ताव भी स्वीकार आ गया। पंचायत में बताया गया कि जहाजगढ़, एमपी माजरा, बिसाहन व धौड़ गांव के शामिल होने के बाद अब कादियान खाप में 16 गांव हो गए हैं। पंचायत में जाट आरक्षण को लेकर एकत्रित हुए चंदे की राशि बैंक में जमा होने और निकाल न पाने पर अब आरक्षण की लड़ाई को जारी रखने के लिए प्रत्येक गांव से पचास-पचास हजार रुपये की राशि एकत्रित करने की बात रखी गई।
बिल्लू पहलवान व खाप के प्रमुख लोगों ने कहा कि खाप में कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होने देंगे और ना ही खाप को दो फाड़ होने दिया जाएगा। पंचायत में तेजवीर ठेकेदार, आजाद सिंह, राज सिंह बाघपुर, सज्जन वजीरपुर, कैप्टन राज सिंह, कैप्टन रामप्रसाद, नरेंद्र पूर्व सरपंच, तारीफ सिंह माजरा, धर्मपाल, राजपाल, विशाल, बलवान सिंह, शेर सिंह, शिवलाल बेरी, नफे पार्षद, डॉ. ओम प्रकाश, ऋषि प्रधान सहित सैंकडों लोग मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर जाट धर्मशाला में कादियान खाप की पंचायत केदार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कार्यकारिणी का पुनर्गठन संयोजक सुबेदार धीर सिंह बेरी, सचिव धारा सिंह दूबलधन, कोषाध्यक्ष सोमबीर वजीरपुर, उप प्रधान रणधीर सिंह सिवाना, तथा कार्यकारिणी में सर्वजातीय भाइयों को और अधिक संख्या में जोड़ा गया। खाप प्रधान ने कहा कि आपसी भाईचारा कायम रखना, सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता तथा कादियान खाप की मर्यादा व परंपरा कायम रखना हमारा लक्ष्य है। केदार सिंह ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि खाप का बहुमत उनके साथ है और वे ही खाप के प्रधान हैं। केदार सिंह ने कहा कि खाप 21 मेंबरों में 16 मेंबर पंचायत के उनके साथ हैं। पंचायत में विरेंद्र, खजान, रणधीर, दिलबाग बाघपुर, रघबीर, कैप्टन जयचंद, सरूप सिंह भागलपुरी, सतबीर, धर्मपाल मांगवास, कमल ढऱाणा, हरी सिंह आदि गण्यमान्य व कार्यकारिणी के व्यक्ति मौजूद रहे।
कादियान खाप दोफाड़, दोनों गुटों ने की अलग-अलग पंचायत
प्रधानी को लेकर चल रहा विवाद रविवार को हुई पंचायत में भी नहीं सुलझा