अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
सोमवार रात से शुरू हुई सीएम फ्लाइंग की छापेमारी ने कई विभागों की पोल खोलकर रख दी। सीएम फ्लाइंग ने रात में 8 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ केस दर्ज कर जहां आरटीए विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए तो वहीं मंगलवार को दिन में आबकारी कार्यालय की पोल खोलकर रख दी।
मंगलवार को सीएम फ्लाइंग ने आबकारी कार्यालय से मात्र 500 मीटर की दूरी पर इनेलो कार्यालय के पास चल रहे अवैध ठेके पर छापा मारकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की। पिछले तीन माह से चल रहे इस ठेके पर अधिकारियों की किस कदर ठंडी नजर रही होगी, यह बात छापे के कारण साफ हो गई। आबकारी इंस्पेक्टर से मौके पर कोई जवाब देते नहीं बन रहा था। पुलिस विभाग की टीम ने आबकारी इंस्पेक्टर आरपी राठी से लिखित में लिया है कि उक्त ठेका अवैध रूप से चल रहा था। इसके बाद टीम ने वहां रखी शराब को जब्त कर थाने में रखवा दिया।
अवैध खुर्दों पर भी कार्रवाई
सीएम फ्लाइंग की टीम ने अवैैध रूप से चल रहे शराब के ठेके पर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे खुर्दों पर भी कार्रवाई की। टीम ने मंगलवार दोपहर को ही गांव कुलाना के एक खुर्दे पर छापा मारा, जहां से 98 बोतल अंग्रेजी शराब, 45 देशी शराब, 50 बोतल बीयर बरामद की। वहीं टीम के द्वारा दूसरे छापे में गांव कुतानी के अवैध खुर्दे से 53 बोतल अंग्रेजी शराब, 124 बोतल देशी शराब, 25 बोतल बीयर की बरामद की। टीम के अधिकारियों ने साफ किया कि पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर चंडीगढ़ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
130 ग्राम गांजे के साथ एक दबोचा
सीएम फ्लाइंग के पास पुख्ता खबर थी कि जिले में कहां पर क्या अवैध कारोबार चल रहा है। इसके आधार पर ही फ्लाइंग ने मंगलवार को बेरी गेट पर छापा मारा। छापे में एक व्यक्ति को काबू किया जिसके पास तलाशी में 130 ग्राम चरस की 37 पुड़िया बरामद की गई। काबू किए गए व्यक्ति ने अपनी पहचान बेरी गेट निवासी कुलदीप के तौर पर बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
8 ओवरलोड ट्रक चालकों पर केस
आरटीए विभाग जहां झज्जर में कार्रवाई करने से कतराता है तो वहीं सीएम फ्लाइंग ने सोमवार रात को ही 8 ओवरलोड ट्रक चालकों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। सभी के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। टीम के सदस्यों द्वारा जब ट्रक चालकों को काबू किया जा रहा था तो एक ट्रक चालक ने सवाल किया कि किस नंबर की गाड़ी है। इस बात से सीएम फ्लांइग यहां के अधिकारियों को भी शक की निगाह से देख रही है।
वर्जन
अवैध रुप से चल रहे शराब ठेके के बारे में पहले उन्हें जानकारी नहीं थी। उन्होंने तो 6 जून को ही झज्जर में ज्वाइन किया है। अगर पता होता तो वो ही कार्यवाही कर देते।
-आरपी राठी, इंस्पेक्टर, आबकारी एवं कराधान विभाग।
वर्जन
टीम ने 8 ट्रक चालकों के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है तो वहीं एक अवैध ठेका भी पकड़ा गया है। इसके अलावा दो खुर्दों से भी काफी मात्रा में शराब बरामद की गई है। टीम ने एक व्यक्ति को गांजे के साथ भी काबू किया है। टीम का यह अभियान जारी रहेगा।
-बिजेंद्र, इंस्पेक्टर, सीएम फ्लाइंग।
कार्यालय से 500 मीटर दूरी पर अवैध ठेका, आबकारी अफसरों की रही ठंडी नजर
-सीएम फ्लाइंग ने मारा छापा तो बोला इंस्पेक्टर, मैैंने तो अभी ज्वाइन किया है
-दो अवैध खुर्दों से 151 बोतल अंग्रेेजी शराब, 169 बोतल देशी शराब व 75 बोतल बीयर बरामद
-130 ग्राम गांजे के साथ भी एक को दबोचा
फोटो संख्या-1 व 2
--------------------