बेटे के बाद अब सरपंच पिता को मिली जान से मारने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव पांडवान के सरपंच को अज्ञात द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी देने पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले उसके बेटे का पीछा कर भी कुछ लोगों ने धमकी दी थी। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पांडवान सरपंच राजकरण ने बताया कि मंगलवार को उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले अज्ञात शख्स ने उससे बदतमीजी की और उसे जान से मारने की धमकी देकर फोन काट दिया। राजकरण ने बताया कि उसने फोन करने वाले व्यक्ति का परिचय भी पूछना चाहा लेकिन उसने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। राजकरण ने बताया कि करीब 20 दिन पहले कुछ युवकों ने उसके बेटे की गाड़ी का पीछा कर उसे भी जान से मारने की धमकी दी थी। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।